फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Video: ईशान ने स्टंप की अपील की तो थर्ड अंपायर ने दिया नो बॉल; भारत हारा तो सोशल मीडिया पर उड़ा किशन का मजाक

Wed, 29 Nov 2023 08:02 PM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, गुवाहाटी

सार

अक्षर पटेल के 19वें ओवर की चौथी गेंद पर इस स्पिनर ने वेड को ऑफ स्टंप के बाहर वाइड गेंद फेंकी। ईशान किशन को लगा कि उन्होंने वेड को स्टंप कर दिया, लेकिन थर्ड अंपायर ने तीसरा ही फैसला दे दिया और मैच भारत की पकड़ से दूर निकल गया।
विज्ञापन
मैथ्यू वेड को स्टंप करने की कोशिश करते ईशान किशन - फोटो : सोशल मीडिया
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच गुवाहाटी में खेले गए तीसरे टी20 मैच में ऑस्ट्रेलिया ने रिकॉर्ड 223 रन चेज कर लिया और पांच मैचों की टी20 सीरीज में जबरदस्त वापसी की। हालांकि, भारत अभी भी 2-1 से आगे है। मंगलवार को खेले गए मैच में टीम इंडिया ने ऋतुराज गायकवाड़ की 57 गेंद में 123 रन की नाबाद पारी की बदौलत भारत ने तीन विकेट पर 222 रन बनाए थे, लेकिन ग्लेन मैक्सवेल ने 48 गेंद में 104 रन की नाबाद पारी खेलकर अपनी टीम को पांच विकेट से जीत दिलाई। हालांकि, इस मैच में भारतीय टीम की खराब फील्डिंग ने भी ऑस्ट्रेलिया की जीत में अहम किरदार निभाया।
विज्ञापन

दरअसल, अक्षर पटेल के 19वें ओवर की चौथी गेंद पर इस स्पिनर ने वेड को ऑफ स्टंप के बाहर वाइड गेंद फेंकी। ऑस्ट्रेलियाई कप्तान गेंद की लाइन को चूक गए और गेंद सीधे विकेटकीपर ईशान किशन के हाथों में गई। ईशान ने तुरंत स्टंप्स के बेल्स हटा दिए और स्टंपिंग की अपील की। किशन को लगा कि वेड स्टंप हो गए हैं। हालांकि, जब तीसरे अंपायर ने रिप्ले देखा तो दिखा कि ईशान ने जब बॉल कलेक्ट किया था तो उनके ग्लव्स स्टंप के सामने थे। टीवी अंपायर ने इसे नो बॉल करार दिया। ऑस्ट्रेलिया को फ्री हिट मिला। वेड ने इसका फायदा उठाया और छक्का लगाया। यहीं से मोमेंटम ऑस्ट्रेलिया की तरफ शिफ्ट हो गया।

सोशल मीडिया पर ट्रोल हुए ईशान किशन

इस घटना के बाद सोशल मीडिया पर ईशान किशन ट्रोल हो गए। इस पर तरह-तरह के मीम्स भी बन रहे हैं। कुछ फैंस का कहना है कि इतनी देर में तो एमएस धोनी तीन बार स्टंप कर देते थे। वहीं, एक फैन ने लिखा कि ऐसा लग रहा था ईशान ऑस्ट्रेलिया के लिए खेल रहे थे। ईशान ने अक्षर के उसी ओवर में एक और मिसफील्डिंग की थी। इसी ओवर की आखिरी गेंद पर मैक्सवेल ने रिवर्स स्वीप लगाने की कोशिश की। गेंद उनके बल्ले पर तो नहीं लगी लेकिन ईशान के ग्लव्स से लगकर चौके के लिए जरूर चली गई। इन रनों ने भारत की पहुंच से मैच को दूर कर दिया।

क्या कहता है नियम?

एमसीसी के नियम 27.3.1 के अनुसार, गेंद के बल्लेबाज को पास करते समय और विकेटकीपर के ग्लव्स में जाते समय हाथ स्टंप के पीछे होना चाहिए, चाहे गेंद बल्ले का किनारा लेकर गई हो या बिना बल्ले का किनारा लिए। रन आउट के समय यह नियम लागू नहीं होगा। इसके अलावा, नियम 27.3.2 में कहा गया है कि, "विकेट कीपर द्वारा इस नियम का उल्लंघन करने की स्थिति में तीसरा अंपायर गेंद फेंके जाने के बाद नो बॉल का कॉल और सिग्नल करेगा।
विज्ञापन

मैच में क्या हुआ?

ऑस्ट्रेलिया ने तीसरे टी20 में भारत को पांच विकेट से हरा दिया। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में तीन विकेट गंवाकर 222 रन बनाए थे। ऋतुराज गायकवाड़ ने 57 गेंद में 123 रन की पारी खेली थी। जवाब में ऑस्ट्रेलिया को आखिरी पांच ओवर में 78 रन की जरूरत थी, लेकिन टीम ने 80 रन बनाकर मैच जीत लिया। 15 ओवर के बाद जहां भारत ने तीन विकेट गंवाकर 143 रन बनाए थे, वहीं ऑस्ट्रेलिया ने पांच विकेट गंवाकर 145 रन बनाए थे। मैथ्यू वेड और ग्लेन मैक्सवेल क्रीज पर थे। इन दोनों ने शानदार साझेदारी कर अपनी टीम को जीत दिलाई। सीरीज का चौथा मैच एक दिसंबर को रायपुर में खेला जाएगा। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें