पुणे वॉरियर्स को मात देकर टूर्नामेंट के एलिमिनेशन राउंड तक पहुंचने की उम्मीदों को बरकरार रखने वाली कोलकाता नाइटराइडर्स रांची में रविवार को जब रॉयल चैलेंजर्स बंगलोर के सामने उतरेगी तो उसे इस मजबूत टीम की चुनौती से पार पाना होगा।
करो या मरो की स्थिति में पहुंच चुकी गत चैंपियन केकेआर के लिए टूर्नामेंट के एलिमिनेशन राउंड तक पहुंचने के लिए शेष सभी मैचों को जीतना अनिवार्य है।
दूसरी ओर बंगलोर की स्थिति केकेआर से काफी बेहतर है। बंगलोर ने 13 मैचों में से आठ जीते हैं और 16 अंकों के साथ वह चौथे स्थान पर है।
केकेआर के खिलाफ जीत उसे प्ले-ऑफ के और करीब पहुंचा देगी। केकेआर ने अभी तक 13 मैचों में से सिर्फ पांच ही जीते हैं और 10 अंकों के साथ वह सातवें स्थान पर है। टूर्नामेंट में अब एक और हार उसे इस होड़ से संभवत बाहर का रास्ता दिखा देगी।