आईपीएल 6 के 68वें मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद ने गेंदबाजों के जोरदार प्रदर्शन के दम पर राजस्थान रॉयल्स को 23 रनों से हराकर प्लेऑफ में पहुंचने की उम्मीदें और प्रबल कर ली है।
जेम्स फॉकनर ने 5 विकेट झटककर हैदराबाद की हालत बेहद खराब कर दी थी लेकिन मध्य क्रम के बल्लेबाज बिप्लव समांत्रे (55) ने संघर्ष करते हुए हैदराबाद को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचा दिया। हैदराबाद 20 ओवर में 9 विकेट पर 136 रन बनाने में सफल रहा। जवाब में राजस्थान 20 ओवर में 9 विकेट पर 113 रन ही बना सका।
फुल लाइव स्कोरकार्ड के लिए यहां क्लिक करें।
हैदराबाद की 15 मैचों से इस 8वीं जीत 18 अंक हो गए हैं और उसके पास 1 मैच शेष हैं। जबकि रॉयल चैलेंजर्स बंगलोर के भी इतने ही मैच खेले हैं और उसके 16 अंक हैं। शेष 3 टीम पहले ही प्लेऑफ में प्रवेश कर चुकी हैं।
चुनौतीपूर्ण लक्ष्य का पीछा करने उतरी राजस्थान टीम की शुरुआत तो सही रही और पहला विकेट 39 रन के स्कोर पर गिरा। लेकिन 26 रनों के अंदर 5 विकेट गंवा देने से राजस्थान घोर संकट में आ गई और उसका रन रेट गिरता गया। पहला विकेट कप्तान राहुल द्रविड़ के रूप में गिरा जो 25 रन बनाकर रन आउट हुए।
अंजिक्य रहाणे (12), संजू सैमसन (5), शेन वॉटसन (11) और स्टुअर्ट बिन्नी (8) सस्ते में पवेलियन लौट गए। मध्य क्रम के बाद पुछल्ले बल्लेबाज भी कुछ खास नहीं कर पाए।
हैदराबाद की ओर से अमित मिश्रा, थिषारा परेरा, डेल स्टेन व करन शर्मा ने 2-2 विकेट निकाले।
पहले बल्लेबाजी का फैसला लेने के बाद हैदराबाद की शुरुआत बेहद खराब रही। पार्थिव पटेल (2), शिखर धवन (1), कप्तान कैमरून व्हाइट (0) और हनुमा विहारी (19) सस्ते में ही आउट हो गए। हैदराबाद ने अपने 4 विकेट महज 49 रनों पर गंवा दिए थे।
इसके बाद बिप्लव सामंत्रे और डेरेन सैमी ने पारी को आगे बढ़ाया। दोनों ने 56 रनों की साझेदारी कर टीम को सौ के पार पहुंचाया। लेकिन फॉकनर के झटकों के आगे हैदराबाद असहाय नजर आया।
सामंत्रे ने 43 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। सैमी 23 रन बनाकर आउट हुए।
तेज गेंदबाज फॉकनर ने इस सत्र में दूसरी बार 5 विकेट लेने का कारनामा कर दिखाया। आईपीएल में 2 बार 5-5 विकेट लेने वाले पहले गेंदबाज बन गए हैं। फॉकनर ने 4 ओवर में 1 मेडन के साथ 16 रन देकर 5 विकेट निकाले।