आईपीएल 2024 का आगाज हो चुका है और सभी खिलाड़ी इस दौरान अपनी-अपनी फ्रेंचाइजी के साथ जुड़े हुए हैं। देश में सोमवार को होली का त्योहार पूरे जोर-शोर के साथ मनाया जा रहा है। सभी लोग अपने परिवार और दोस्तों के साथ रंगों के इस त्योहार का आनंद ले रहे हैं। ऐसे में खिलाड़ी भी पीछे नहीं रहे और इन्होंने भी पूरी मस्ती के साथ होली का त्योहार मनाया।
सचिन, गंभीर ने होली की दी बधाईयां
पूर्व भारतीय क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर और गौतम गंभीर ने देशवासियों को होली की बधाई दी। सचिन ने एक्स पर लिखा, 'सभी को होली के इस खूबसूरत त्योहार पर ढेर सारी खुशियां और रंगों की शुभकामनाएं। आइए, हम सब मिलकर इसे यादगार बनाएं। होली और रंग पंचमी की हार्दिक बधाई।' पूर्व भारतीय क्रिकेटर और कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के मेंटर गौतम गंभीर ने लिखा, सभी को रंगों के त्योहार होली की बहुत-बहुत शुभकामनाएं। गंभीर ने इसके बाद अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक तस्वीर पोस्ट की जिसमें वह अपने परिवार के साथ होली मनाते दिखे।
सचिन और गंभीर के अलावा पूर्व भारतीय सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग ने भी लोगों को होली की बधाईयां दी। सहवाग ने अपने एक्स हैंडल पर लिखा, रंग बरसे, आप सभी को होली की बहु-बहुत शुभकामनाएं। इसके अलावा सोशल मीडिया पर एक फोटो वायरल हुई जिसमें गंभीर कोलकाता के मैनजमेंट और खिलाड़ियों के साथ होली मनाते दिख रहे हैं। इस फोटो में गंभीर केकेआर के सदस्यों के साथ पूरी तरह होली के रंग में डूबे नजर आ रहे हैं।
कोलकाता नाइट राइडर्स के कप्तान श्रेयस अय्यर को भी अपने साथी खिलाड़ियों के साथ होली मनाते देखा गया। कप्तान को टीम के बाकी खिलाड़ियों ने पहले गुलाल लगाया, इसके बाद उन पर पानी डाला। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर अब काफी तेजी से वायरल हो रहा है।
होली खेलने के बाद शुरू होगा मैच का रोमांच
सुबह होली खेलने के बाद खिलाड़ी आईपीएल के रोमांच के लिए एकत्र होंगे। बैंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में शाम साढ़े सात बजे से रॉयल चैलेंजर्स बैंगलुरु (आरसीबी) और पंजाब किंग्स के बीच मुकाबला खेला जाएगा। आरसीबी को गत चैंपियन चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के खिलाफ आईपीएल 2024 के पहले मैच में हार का सामना करना पड़ा था। टीम की कोशिश होगी वो पंजाब के खिलाफ जीत दर्ज करे। दूसरी ओर, पंजाब ने आईपीएल के 17वें सीजन की शुरुआत जीत के साथ की थी। शिखर धवन की अगुआई वाली टीम ने अपने पहले मैच में दिल्ली कैपिटल्स को हराया था।