फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मुंबई को हराया तो जीत की हैट्रिक लगा लेगी दिल्ली की टीम

Fri, 22 Apr 2016 06:05 PM IST
टीम डिजिटल/अमर उजाला, नई दिल्ली
विज्ञापन
विज्ञापन
खराब शुरुआत के बाद वापसी करने वाली दिल्ली डेयरडेविल्स की निगाहें घरेलू मैदान पर शानदार प्रदर्शन कर गत चैंपियन मुंबई इंडियंस के खिलाफ  होने वाले इंडियन प्रीमियर लीग मैच में जीत की हैट्रिक पूरी करने पर लगी होंगी।
विज्ञापन


टूर्नामेंट के शुरुआती मुकाबले में कोलकाता नाइटराइडर्स से मिली नौ विकेट की शिकस्त के बाद दिल्ली ने शानदार बल्लेबाजी की बदौलत मजबूती से वापसी करते हुए अपने अगले दो मैचों में किंग्स इलेवन पंजाब और रॉयल चैलेंजर्स बंगलोर को पराजित किया।

दिल्ली डेयरडेविल्स अभी लीग की तालिका में तीन मैचों में चार अंक से तीसरे स्थान पर है जबकि मुंबई इंडियंस पांच मैचों में दो जीत और तीन शिकस्त से पांचवें स्थान पर बनी हुई है। मुंबई इंडियंस को अभी तक मिक्स्ड परिणाम मिले हैं उसने किंग्स इलेवन पंजाब और रॉयल चैलेंजर्स बंगलोर के खिलाफ  दो मैचों में जीत दर्ज की जबकि रोहित शर्मा की अगुआई वाली टीम ने राइजिंग पुणे सुपरजाइंट्स, गुजरात लायंस और सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ  तीन मैच गंवाए।
विज्ञापन


शुरुआती मैच में फ्लॉप शो के बाद दिल्ली डेयरडेविल्स की बल्लेबाजी बंगलूरू के खिलाफ पिछले मैच में लाजवाब रही। केकेआर के खिलाफ  पहले मैच में टीम 98 रन पर सिमट गई थी और पंजाब के खिलाफ  दूसरे मैच में उन्हें सिर्फ 112 रन का लक्ष्य मिला था तो बल्लेबाजों के हुनर की आजमाइश नहीं हो सकी।

लेकिन बंगलूरू के खिलाफ  पिछले मैच में आईपीएल के नौवें सत्र में पहला शतक दिल्ली की टीम के दक्षिण अफ्रीकी ओपनर क्विंटन डिकॉक ने जड़ा जिन्होंने महज 51 गेंद में 108 रन बनाए, जिससे टीम ने 192 रन का लक्ष्य आराम से हासिल करते हुए सात विकेट की जीत दर्ज की। डिकॉक के अलावा युवा करुण नायर ने भी 42 गेंद में नाबाद 54 रन बनाकर महत्वपूर्ण भूमिका अदा की जिससे कल इन दोनों से अच्छी लय जारी रखने की उम्मीद की जाएगी। लेकिन कोच राहुल द्रविड़ के लिए चिंता का विषय यह है कि डिकॉक और नायर के अलावा टीम की बल्लेबाजी लाइन अप का इम्तिहान नहीं हुआ है।

दिल्ली का भाग्य जेपी डुमिनी तथा पवन नेगी और कालरेस ब्रैथवेट के प्रदर्शन पर निर्भर होगा जो अपनी टीम के लिए मैच जीतने में सक्षम हैं। ब्रैथवेट ने वेस्टइंडीज के लिए जीत में आईसीसी टी-20 वर्ल्ड कप फाइनल में इंग्लैंड के बेन स्टोक्स पर लगातार चार छक्के जड़कर क्रिकेट की दुनिया को हैरान कर दिया था। वह भी टूर्नामेंट में बड़ा असर छोड़ना चाहते होंगे।

गेंदबाजी में दिल्ली के पास अनुभवी कप्तान जहीर खान मौजूद हैं जो गेंदबाजों की अगुआई करेंगे। क्रिस मोरिस भी किफायती रहे थे। मोहम्मद शमी ने लंबे समय बाद आईपीएल मैच में वापसी करते हुए दो विकेट चटकाने के बावजूद कुछ रन गंवा दि। भारत के सर्वश्रेष्ठ लेग स्पिनर अमित मिश्रा ने लगातार बढ़िया प्रदर्शन किया। वह स्पिन विभाग की अगुआई करेंगे जिसमें पवन नेगी भी शामिल हैं। वहीं मुंबई इंडियंस शुरू में टीम संयोजन में जूझती दिखी लेकिन विराट कोहली की बंगलूरू के खिलाफ 170 रन के लक्ष्य का पीछा करने में सफल रही।

दो बार की विजेता मुंबई को इस सत्र में अपने दोनों घरेलू मैचों में आईपीएल में पदार्पण कर रही राइजिंग पुणे सुपरजाइंट्स और गुजरात लायंस से पराजय झेलनी पड़ी लेकिन उन्हें इस बात से संतोष करना पड़ेगा कि उनका अभियान अभी तक प्रभावशाली रहा है। रोहित शर्मा को छोड़कर मुंबई के शीर्ष क्रम का प्रदर्शन अभी तक लचर ही रहा है। रोहित ने अपनी टीम की दोनों जीत में शानदार अर्द्धशतक जड़े थे। 

संभावित टीमें-दिल्ली डेयरडेविल्स: जहीर खान (कप्तान), क्विंटन डिकॉक, जेपी डुमिनी, मयंक अग्रवाल, श्रेयस अय्यर, कालरेस ब्रैथवेट, करुण नायर, पवन नेगी, ऋषभ पंत, संजू सैमसन, पवन सुयाल, जयंत यादव, क्रिस मोरिस, सैम बिलिंग्स, नाथन कोल्टर नील, इमरान ताहिर, महिपाल लोमोर, चामा मिलिंद, अमित मिश्रा, मोहम्मद शमी, शाहबाज नदीम, खलील अहमद, अखिल हर्दवादकर और प्रत्यूष सिंह। 

मुंबई इंडियंस : रोहित शर्मा (कप्तान), पार्थिव पटेल, हार्दिक पांड्या, जोस बटलर, मिचेल मैक्लेनाघन, अंबाती रायडू, किरोन पोलार्ड, हरभजन सिंह, जगदीश सुचित, टिम साउदी, जसप्रीत बुमराह, श्रेयस गोपाल, आर विनय कुमार, कोरी एंडरसन, उन्मुक्त चंद, मर्चेंट डि लांगे, सिधेश लाड, किशोर कामत, कृणाल पांड्या, दीपक पुनिया, नीतीश राणा, जीतेश शर्मा, नाथू सिंह, अक्षय वाखरे और मार्टिन गुप्टिल। 
विज्ञापन

जीत की हैट्रिक के लिए हैदराबाद के सामने होंगे किंग्स इलेवन पंजाब

- फोटो : pti
लगातार दो जीत के साथ आत्मविश्वास से लबरेज सनराइजर्स हैदराबाद आईपीएल में जब अंक तालिका में फिसड्डी किंग्स इलेवन पंजाब का सामना करेगा तो उसका लक्ष्य विजयी लय को बरकरार रखना होगा।

शुरुआत में लगातार दो मैच गंवाने के बाद हैदराबाद ने वापसी करते हुए पिछले दो मैचों में मुंबई इंडियंस को सात विकेट जबकि गुजरात लायंस को 10 विकेट से हराया। युवराज सिंह, आशीष नेहरा और केन विलियम्सन जैसे मुख्य खिलाड़ियों की चोट के बावजूद हैदराबाद की टीम ने पिछले दो मैचों में इकाई के रूप में प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की।

हैदराबाद के कप्तान डेविड वार्नर बेहतरीन फॉर्म में हैं। उन्होंने गुजरात के खिलाफ 48 गेंद में नाबाद 74 रन बनाए जबकि मुंबई के खिलाफ  नाबाद 90 रन की पारी खेली। मेजबान टीम के लिए दूसरे ओपनर शिखर धवन का प्रदर्शन राहत भरा रहा जिन्होंने पहले तीन मैचों में नाकाम रहने के बाद नाबाद 53 रन की पारी खेली।

टीम के पास इसके अलावा मोइजेस हेनरिक्स, इयोन मोर्गन और विकेटकीपर नमन ओझा जैसे बल्लेबाज हैं। अनुभवी नेहरा की गैरमौजूदगी के बावजूद हैदराबाद के गेंदबाजों ने प्रभावी प्रदर्शन किया है। तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार ने गुजरात के खिलाफ  चार विकेट चटकाकर विरोधी टीम की पारी ध्वस्त की। टीम के पास इसके अलावा बांग्लादेश के मुस्ताफिजुर रहमान, बरिंदर सरां, दीपक हुड्डा और बिपुल शर्मा जैसे युवा गेंदबाज भी हैं।

दूसरी ओर, किंग्स इलेवन पंजाब चार मैचों में सिर्फ एक जीत से दो अंक के साथ अंतिम स्थान पर चल रही है। पंजाब की बल्लेबाजी में निरंतरता की कमी देखने को मिली है। मनन वोहरा और मुरली विजय की सलामी जोड़ी के अलावा अन्य बल्लेबाजी प्रभावी प्रदर्शन करने में नाकाम रहे हैं।

पंजाब की टीम को अगर जीत दर्ज करनी है तो वोहरा और मुरली विजय के अलावा कप्तान डेविड मिलर और ग्लेन मैक्सवेल जैसे बल्लेबाजों को बेहतर प्रदर्शन करना होगा। टीम के गेंदबाजी आक्रमण में मोहित शर्मा, संदीप शर्मा, अक्षर पटेल और अन्य गेंदबाज शामिल हैं और इनके लिए वार्नर और उनके साथियों को रोकना आसान नहीं होगा।

संभावित टीमें सनराइजर्स हैदराबाद: डेविड वार्नर (कप्तान), आशीष रेड्डी, रिकी भुई, बिपुल शर्मा, ट्रेंट बोल्ट, बेन कटिंग, शिखर धवन, मोइजेस हेनरिक्स, दीपक हुड्डा सिद्धार्थ कौल, भुवनेश्वर कुमार, अभिमन्यु मिथुन, इयोन मोर्गन, मुस्ताफिजुर रहमान, आशीष नेहरा, नमन ओझा, विजय शंकर, कर्ण शर्मा, बरिंदर सरां, टी सुमन, आदित्य तारे, केन विलिम्सन और युवराज सिंह।

किंग्स इलेवन पंजाब: डेविड मिलर (कप्तान), काइल एबोट, मुरली विजय, मनन वोहरा, मिचेल जानसन, शान मार्श, ग्लेन मैक्सवेल, अनुरीत सिंह, अक्षर पटेल, रिद्धिमान साहा, प्रदीप साहू, संदीप शर्मा, मोहित शर्मा, मार्कस स्टोइनिस, स्वप्निल सिंह, अरमान जाफर, फरहान बेहरादीन, केसी करियप्पा, रिषि धवन, गुरकीरत सिंह मान, निखिल नाईक और शार्दुल ठाकुर।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें