कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के मालिक और बॉलीवुड के मशहूर अभिनेता शाहरुख खान शनिवार को कोलकाता के ईडन गार्डेंस स्टेडियम में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ खेले गए मैच को देखने के लिए पहुंचे थे। शाहरुख स्टेडियम में हो और कैमरे की निगाह उन तक ना पहुंचे ऐसा हो नहीं सकता। शाहरुख आईपीएल मैच देखने के दौरान अपनी कुछ हरकतों की वजह से विवादों में पड़ते रहे हैं। ऐसा ही कुछ उनके साथ शनिवार को भी हुआ। वायरल वीडियो में मैच के दौरान किंग खान बार-बार अपना हाथ मुंह के पास ले जाते दिखाई दे रहे हैं। सोशल मीडिया पर लोग कह रहे हैं कि शाहरुख स्टेडियम के अंदर सिगरेट पी रहे हैं, हालांकि अमर उजाला इस वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।
लोगों के निशाने पर आए शाहरुख
सोशल मीडिया पर शाहरुख का स्टेडियम के अंदर मौजूद वीआईपी बॉक्स में मुंह के सामने बार-बार हाथ रखने का वीडियो और फोटो जमकर शेयर किया जा रहा है। हालांकि इस वीडियो की पुष्टि नहीं हो सकी है, लेकिन वीडियो के वायरल होने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स शाहरुख की मैच के दौरान इस हरकत को लेकर आलोचना कर रहे हैं। हाल ही में ऐसा ही कुछ नजारा पाकिस्तान सुपर लीग (पीएसएल) के फाइनल मैच के दौरान भी देखने मिला था, जहां पाकिस्तान के खिलाड़ी इमाद वसीम ड्रेसिंग रूम के अंदर सिगरेट पीते दिखे थे।
ईडन में फिर देखने मिला 'रसेल मेनिया'
मैच की बात करें को हैदराबाद और केकेआर के खिलाफ खेले गए इस मैच में केकेआर की शुरुआत अच्छी नहीं रही थी और टीम ने 32 रन के स्कोर पर ही तीन विकेट गंवा दिए थे। इसके बाद नीतीश राणा भी जल्द ही पवेलियन लौट गए। इसके बाद फिल सॉल्ट और रमनदीप सिंह ने साझेदारी कर टीम को संभाला। हालांकि हैदराबाद के गेंदबाजों पर असली कहर ऑलराउंडर आंद्रे रसेल ने बरपाया। आठवें नंबर पर उतरे रसेल ने ईडन गार्डेंस पर तूफानी पारी खेली। रसेल ने 25 गेंदों पर नाबाद 64 रनों की पारी खेल केकेआर का स्कोर 200 के पार पहुंचा दिया। रसेल की इस धमाकेदार पारी की बदौलत कोलकाता ने आखिरी के पांच ओवर में 85 रन बनाए। इस दौरान रसेल और रिंकू के बीच सातवें विकेट के लिए 81 रनों की साझेदारी हुई। हालांकि हैदराबाद के लिए हेनरिक क्लासेन ने भी शानदार पारी खेल टीम को जीत दिलाने की कोशिश की, लेकिन वह अंतिम ओवर की पांचवीं गेंद पर अपना विकेट गंवा बैठे और हैदराबाद को चार रन से हार का सामना करना पड़ा।