पांच बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस आईपीएल 2024 के लिए पूरी तरह तैयार है। टीम इस बार रोहित शर्मा की जगह अपने नए कप्तान हार्दिक पांड्या की अगुआई में खेलने उतरेगी। मुंबई भी उन टीमों में शामिल है जो आईपीएल के 17वें सीजन से पहले चोट की समस्या से परेशान है। मुंबई के ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज जेसन बेहरनडोर्फ चोटिल होने के कारण इस सीजन में नहीं खेल सकेंगे जिस कारण मुंबई इंडियंस को उनकी जगह किसी अन्य खिलाड़ी को टीम में शामिल करना पड़ा है।
मुंबई ने बेहरनडोर्फ की जगह इंग्लैंड के बाएं हाथ के तेज गेंदबाज लुक वुड को टीम में शामिल किया है। आईपीएल ने जारी किए बयान के अनुसार, वुड 50 लाख रुपये में मुंबई इंडियंस से जुड़ेंगे। आईपीएल ने बयान में कहा, मुंबई इंडियंस ने आगामी आईपीएल 2024 के लिए जेसन बेहरनडोर्फ की जगह लुक वुड को टीम में शामिल किया है। वुड ने इंग्लैंड के लिए पांच टी20 और दो वनडे मुकाबले खेले हैं। टी20 में उनके नाम अबतक आठ विकेट हैं, जबकि वनडे में वह अभी तक विकेट नहीं ले सके हैं। वुड हाल ही में संपन्न हुए पाकिस्तान सुपर लीग में बाबर आजम की कप्तानी वाले पेशावर जाल्मी टीम में शामिल थे। उन्होंने इस दौरान 11 मैचों में 12 विकेट लिए थे।
मदुशंका और कोएट्जे भी हैं चोटिल
मुंबई की टीम में शामिल दो अन्य विदेश गेंदबाज दिलशान मदुशंका और गेराल्ड कोएट्जे भी चोटिल हैं और इनका टीम के 24 मार्च को गुजरात टाइटंस के खिलाफ आईपीएल 2024 के पहले मैच में खेलने पर संशय है।
मुंबई की टीम इस प्रकार हैः रोहित शर्मा, टिम डेविड, सूर्यकुमार यादव, तिलक वर्मा, डेवाल्ड ब्रेविस, इशान किशन, विष्णु विनोद, हार्दिक पांड्या (कप्तान), रोमारियो शेफर्ड, नेहाल वढेरा, गेराल्ड कोएट्जे, मोहम्मद नबी, जसप्रीत बुमराह, लुक वुड, कुमार कार्तिकेय, आकाश मधवाल, अर्जुन तेंदुलकर, पीयूष चावला, दिलशान मदुशंका, नुवान तुषारा, अंशुल कंबोज, श्रेयस गोपाल, शम्स मुलानी, नमन धीर और शिवालिक शर्मा।