लखनऊ सुपरजाएंट्स के कप्तान केएल राहुल के लिए आईपीएल 2024 का मौजूदा सीजन अच्छा नहीं रहा। लखनऊ की टीम प्लेऑफ की दौड़ से लगभग बाहर हो गई है, जबकि राहुल बल्ले से भी बहुत अच्छा प्रदर्शन नहीं कर सके हैं और उनके स्ट्राइक रेट पर लगातार सवाल उठते रहे हैं। ऐसी खबरें भी आई है कि लखनऊ अगले सीजन के लिए होने वाली बड़ी नीलामी के लिए राहुल को रिटेन नहीं करेगी। हालांकि, लखनऊ के सहायक कोच लांस क्लूजनर ने कप्तान का समर्थन किया और कहा कि राहुल ने मौजूदा सीजन बल्ले से खराब प्रदर्शन नहीं किया।
राहुल ने इस सीजन जड़े तीन अर्धशतक
राहुल अपने स्ट्राइक रेट की वजह से चर्चा में रहे हैं और वह 13 मैच में तीन अर्धशतक से 136.36 के स्ट्राइक रेट से इस सत्र में 465 रन बनाकर सातवें सबसे ज्यादा रन जुटाने वाले खिलाड़ी हैं, लेकिन फिर भी लखनऊ सुपरजाएंट्स की टीम प्लेऑफ की दौड़ से बाहर होने की कगार पर है। शुक्रवार को सातवें स्थान पर चल रही लखनऊ की टीम मुंबई इंडियंस से भिड़ेगी जो दोनों टीमों के लिए इस आईपीएल का अंतिम ग्रुप मैच होगा।
क्लूजनर ने किया राहुल का बचाव
लखनऊ सुपरजाएंट्स के सहायक कोच लांस क्लूजनर ने कहा कि टीम के कप्तान केएल राहुल भले ही थोड़ा हताश हों लेकिन बल्ले से उन्होंने बिलकुल भी खराब प्रदर्शन नहीं किया है क्योंकि विकेट गिरने के कारण उन्हें अपनी आक्रामकता पर लगाम रखने के लिए बाध्य होना पड़ा। क्लूजनर ने मुंबई इंडियंस के खिलाफ मैच से पूर्व यहां वानखेडे स्टेडियम में लखनऊ सुपरजाएंट्स के ट्रेनिंग सत्र के दौरान मीडिया से कहा, केएल राहुल ने टूर्नामेंट के दौरान कुछ बेहतरीन प्रदर्शन दिए हैं। कई बार उसे पारी को संवारना पड़ा है क्योंकि हमने काफी विकेट गंवा दिए थे। हमने उसे उसका नैसर्गिक खेल नहीं खेलने दिया।
'राहुल का प्रदर्शन खराब नहीं'
यह प्रतिक्रिया उनकी इस सवाल पर आई जिसमें पूछा गया था कि क्या राहुल पर कप्तानी और रन जुटाने की भूमिका का बोझ था। उन्होंने कहा, बैठकर यह सोचना आसान है कि उसका टूर्नामेंट में इतना अच्छा प्रदर्शन नहीं रहा, लेकिन अगर आप उसके रनों को देखो तो ये वास्तव में इतने बुरे नहीं हैं क्योंकि आपको परिस्थितियों को भी देखना होगा जिसमें उसे बल्लेबाजी करनी पड़ी।