कोलकाता नाइट राइडर्स और दिल्ली कैपिटल्स के बीच सोमवार को खेले गए मुकाबले में एक ऐसा वाकया हुआ जिसे देखकर हर किसी की हंसी छूटी गई। दरअसल, केकेआर के सनसनी गेंदबाज हर्षित राणा दिल्ली के बल्लेबाज अभिषेक पोरेल का विकेट चटकाने के बाद एक बार फिर भावनाओं में बह गए। उन्होंने बल्लेबाज को आउट करने के बाद फ्लाइंग किस देने के लिए हाथ बढ़ाए। हालांकि, उन्हें अपनी पुरानी सजा याद गई जिसके बाद वह ऐसा करने से रुक गए। इस घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसपर यूजर्स जमकर रिएक्ट कर रहे हैं।
फिर वही गलती दोहराने से रुके हर्षित
कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी दिल्ली कैपिटल्स की शुरुआत कुछ खास नहीं हुई थी। टीम ने मात्र 37 रन के स्कोर पर तीन विकेट खो दिए थे। तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी कर रहे अभिषेक पोरेल पारी को संभालने में जुटे थे। हालांकि, सातवें ओवर में हर्षित राणा ने उन्हें बोल्ड कर दिया। पोरेल को आउट करने के बाद गेंदबाज सेलिब्रेट करने लगे। इस दौरान उन्होंने फ्लाइंग किस देने के लिए हाथ उठाए, लेकिन वह बीच में ही रुक गए। इससे पहले हर्षित ने मयंक अग्रवाल को आउट करने के बाद उन्हें फ्लाइंग किस दिया था, जिसके बाद बीसीसीआई ने उनकी इस हरकत पर जुर्माना लगाया था।
मयंक को दिया फ्लाइंग किस
केकेआर ने हैदराबाद के सामने जीत के लिए 209 रनों का लक्ष्य रखा था। जवाब में मयंक और अभिषेक शर्मा ने हैदराबाद को तेज शुरुआत दिलाई। दोनों बल्लेबाजों ने मिलकर 5.3 ओवर में 60 रन बना लिए थे, लेकिन छठा ओवर करने आए हर्षित ने रिंकू सिंह के हाथों कैच कराकर मयंक को आउट किया। हर्षित ने केकेआर को पहली सफलता दिलाई जिसकी टीम को काफी जरूरत थी। हालांकि मयंक का विकेट लेने के बाद हर्षित कुछ ज्यादा ही जोश में आ गए और अपना होश गंवा बैठे। मंयक का विकेट लेने के बाद अतिउत्साहित हर्षित ने मयंक के पास जाकर उन्हें फ्लाइंग किस दी। शांत स्वभाव के मयंक को हर्षित का यह अंदाज पसंद नहीं आया और वह इस तेज गेंदबाज को देखते रहे, लेकिन कुछ बोले बिना पवेलियन की ओर चल दिए। इसके बाद फाइनल ओवर में हर्षित ने ऐसी ही कुछ हरकत हेनरिक क्लासेन को आउट करने के बाद भी की। क्लासेन हैदराबाद को मैच जिताने के करीब ले आए थे, लेकिन बड़ा शॉट खेलने के चक्कर में हर्षित की गेंद पर सुयश शर्मा को कैच दे बैठे। मैच यहीं से केकेआर के पक्ष में मुड़ गया और टीम जीत दर्ज करने में सफल रही।