आईपीएल 2024 में हार्दिक पांड्या मुंबई इंडियंस की कप्तानी संभालते नजर आएंगे। स्टार ऑलराउंडर को नीलामी के दौरान टीम ने गुजरात टाइटंस से ट्रेड किया था। एमआई के स्क्वॉड में वापसी कर पांड्या भावुक हो गए। उन्होंने टीम के बल्लेबाजी कोच कीरोन पोलार्ड के साथ अपने रिश्ते को लेकर चर्चा की। 30 वर्षीय खिलाड़ी ने कहा कि कुछ रिश्ते कभी बदलते नहीं हैं। हार्दिक फिलहाल आईपीएल की तैयारियों में जुटे हैं।
आईपीएल के 17वें संस्करण की शुरुआत 22 मार्च से होगी। मुंबई अपने अभियान का आगाज 24 मार्च को गुजरात टाइटंस के खिलाफ मैच से करेगी। इस टूर्नामेंट में हार्दिक पांड्या टीम का नेतृत्व करते नजर आएंगे। उन्होंने रोहित शर्मा की जगह टीम का कप्तान बनाया गया है। हिटमैन की अगुवाई में एमआई ने पांच बार आईपीएल के खिताब पर कब्जा जमाया था। उम्मीद है कि गुजरात की तरह मुंबई को भी हार्दिक खिताब दिलाने में कामयाब होंगे।
हार्दिक ने साझा किया भावुक पोस्ट
भारतीय ऑलराउंडर ने शनिवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पहले ट्विटर) पर कीरोन पोलार्ड के साथ अपनी पुरानी और नई तस्वीर पोस्ट की। इसके साथ उन्होंने भावुक कैप्शन भी लिखा। हार्दिक ने लिखा, "कुछ रिश्ते कभी नहीं बदलते मेरे भाई बल्कि वक्त के साथ और मजबूत हो जाते हैं, फिर से साथ काम करने के लिए उत्साहित हूं।" उनका यह पोस्ट सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है। वेस्टइंडीज के दिग्गज ऑलराउंडर मुंबई इंडियंस के बल्लेबाजी कोच हैं। इससे पहले वह आईपीएल में एमआई के लिए बतौर खिलाड़ी खेलते थे।
गुजरात को बनाया पहले सीजन में चैंपियन
हार्दिक पांड्या ने 2015 में मुंबई इंडियंस के लिए आईपीएल में डेब्यू किया था। वह लगातार सात सीजन तक टीम का हिस्सा रहे। आईपीएल 2022 में उन्हें गुजरात टाइटंस का कप्तान बनाया गया। पहले ही सीजन में उन्होंने टीम को खिताब जिताकर इतिहास रचा था। पिछले सीजन में भी टीम फाइनल का सफर तय करने में कामयाब हुई थी। हालांकि, चेन्नई सुपर किंग्स के हाथों गुजरात को खिताबी मुकाबले में करारी शिकस्त मिली थी। हार्दिक ने भारत के लिए अपने अब तक के करियर में 92 टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में 1348 रन और 73 विकेट हासिल किए हैं। वहीं, मुंबई के लिए 92 आईपीएल मैचों में पांड्या ने 1476 रन बनाए और 42 विकेट चटकाए।