ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ न्यूजीलैंड के लिए खेलते हुए फरवरी में कॉन्वे का अंगूठा चोटिल हो गया था जिसके बाद उन्हें सर्जरी करानी पड़ी थी। चेन्नई को उम्मीद थी कि उन्हें मई तक कॉन्वे की सेवाएं मिल जाएंगी, लेकिन कॉन्वे पूरी तरह चोट से नहीं उबर सके और उन्हें आईपीएल के पूरे सीजन से बाहर होना पड़ा।
चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के सलामी बल्लेबाज डेवॉन कॉन्वे आईपीएल 2024 के पूरे सीजन से बाहर हो गए हैं। पांच बार की चैंपियन चेन्नई ने न्यूजीलैंड के इस विस्फोटक बल्लेबाज की जगह इंग्लैंड के तेज गेंदबाज रिचर्ड ग्लीसन को शामिल किया है। ऋतुराज गायकवाड़ की अगुआई वाली टीम का प्रदर्शन आईपीएल के मौजूदा सीजन में अच्छा रहा है और टीम ने छह में से चार मुकाबले जीते हैं और वह फिलहाल अंक तालिका में तीसरे स्थान पर है।
विज्ञापन
कॉन्वे को अंगूठे में लगी थी चोट
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ न्यूजीलैंड के लिए खेलते हुए फरवरी में कॉन्वे का अंगूठा चोटिल हो गया था जिसके बाद उन्हें सर्जरी करानी पड़ी थी। चेन्नई को उम्मीद थी कि उन्हें मई तक कॉन्वे की सेवाएं मिल जाएंगी, लेकिन कॉन्वे पूरी तरह चोट से नहीं उबर सके और उन्हें आईपीएल के पूरे सीजन से बाहर होना पड़ा। कॉन्वे ने पिछले सीजन सीएसके को पांचवीं बार आईपीएल का खिताब दिलाने में अहम भूमिका निभाई थी। उन्होंने 2023 सीजन में 672 रन बनाए थे। उन्होंने गुजरात टाइटंस के खिलाफ फाइनल मुकाबले में 47 रनों की पारी खेली थी और उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया था।
सीएसके की गेंदबाजी को मजबूती देंगे ग्लीसन
कॉन्वे की जगह सीएसके में शामिल हुए ग्लीन टीम की गेंदबाजी विभाग को मजबूती देंगे। सीएसके के लिए ग्लीन का शामिल होना राहत भरी खबर है क्योंकि टीम के तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) ने एक मई तक ही आईपीएल में खेलने की अनुमति दी है। मुस्तफिजुर इस साल सीएसके के लिए शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं।
विज्ञापन
ग्लीसन ने 2022 में किया था डेब्यू
ग्लीन ने 2022 में 34 साल की उम्र में इंग्लैंड के लिए डेब्यू किया था। उन्होंने एजबेस्टन में खेले गए टी20 मैच में अपनी पहली आठ गेंदों पर विराट कोहली, रोहित शर्मा और ऋषभ पंत का विकेट चटकाया था। ग्लीसन इससे पहले कभी आईपीएल का हिस्सा नहीं रहे हैं, लेकिन वह द हंड्रेड, बांग्लादेश प्रीमियर लीग (बीपीएल), बिग बैश लीग (बीबीएल), दक्षिण अफ्रीका की टी20 लीग एसए20 और आईएलटी20 टूर्नामेंट का हिस्सा रहे हैं। ग्लीसन ने अब तक 90 टी20 मैच खेले हैं और 8.18 की इकॉनोमी से 101 विकेट चटकाए हैं।