विराट कोहली के आईपीएल का 15वां सीजन किसी बुरे सपने के जैसा है। एक ऐसा बुरा सपना जो खत्म होने का नाम नहीं ले रहा। कोहली मौजूदा सीजन में तीसरी बार 'गोल्डन डक' का शिकार हुए। सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ रविवार (आठ मई) को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में विराट खाता नहीं खोल पाए। मैच की पहली गेंद पर जे सुचित ने उन्हें पवेलियन की राह दिखा दी।
कोहली सनराइजर्स के खिलाफ सीजन में दूसरी बार पहली ही गेंद पर आउट हुए हैं। केन विलियमसन ने दोनों बार उन्हें अपने जाल में फंसाया। पिछली बार कोहली के आने के बाद विलियमसन ने एक अतिरिक्त स्लिप लगा दिया था। मार्को यानसेन की बाहर जाती गेंद को तब कोहली दूसरी स्लिप पर एडेन मार्कराम को कैच थमा बैठे थे। इस बार बाएं हाथ के स्पिनर जे सुचित ने उन्हें आउट कर दिया। सुचित की गेंद को विराट ने मिडविकेट की ओर फ्लिक किया। गेंद सीधे कप्तान विलियमसन के हाथों में चली गई।
विराट कोहली आउट करने के बाद हैदराबाद के खिलाड़ी
- फोटो : IPL/BCCI
सीजन में तीसरी बार कोहली पहली गेंद पर आउट
विराट आईपीएल में छह बार गोल्डन डक का शिकार हुए हैं। तीन बार तो इसी सीजन में ऐसा हो गया। विराट पहली बार आशीष नेहरा की गेंद पर 2008 में मुंबई इंडियंस के खिलाफ पहली गेंद पर आउट हुए थे। आईपीएल इतिहास में पहली बार कोहली किसी स्पिनर की गेंद पर गोल्डन डक का शिकार हुए हैं। इससे पहले पांचों पर उन्हें तेज गेंदबाजों ने आउट किया था।
पहली बार एक ही टीम के खिलाफ दो बार गोल्डन डक
कोहली इस बार मुंबई के तीन मैदानों पर पहली गेंद पर आउट हुए हैं। लखनऊ सुपर जाएंट्स के खिलाफ डीवाई पाटिल स्टेडियम में सबसे पहले ऐसा हुआ था। उसके बाद सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ ब्रेबोर्न स्टेडियम और सनराइजर्स के ही खिलाफ वानखेड़े स्टेडियम में पहली गेंद पर आउट हो गए। आईपीएल में यह कोहली के लिए पहला अवसर है जब किसी एक ही टीम के खिलाफ वो दो बार गोल्डन डक का शिकार हुए हो।
विराट कोहली
- फोटो : IPL/BCCI
आईपीएल में कोहली के गोल्डन डक
| गेंदबाज |
खिलाफ |
जगह |
साल |
| आशीष नेहरा |
मुंबई इंडियंस |
बेंगलुरु |
2008 |
| संदीप शर्मा |
पंजाब किंग्स |
बेंगलुरु |
2014 |
| नाथन कूल्टर नाइल |
कोलकाता नाइटराइडर्स |
कोलकाता |
2017 |
| दुष्मंथा चमीरा |
लखनऊ सुपर जाएंट्स |
डीवाई पाटिल, मुंबई |
2022 |
| मार्को यानसेन |
सनराइजर्स हैदराबाद |
ब्रेबोर्न, मुंबई |
2022 |
| जे सुचित |
सनराइजर्स हैदराबाद |
वानखेड़े, मुंबई |
2022 |
आईपीएल में तीसरी बार स्पिनर को पहली गेंद पर मिला विकेट
आईपीएल इतिहास में तीसरी बार किसी स्पिन गेंदबाज ने मैच की पहली ही गेंद पर विकेट हासिल किया है। सुचित से पहले 2009 में डरबन में केविन पीटरसन और मार्लोन सैमुअल्स ने 2012 में कटक में ऐसा किया था।