आईपीएल 2022 की शुरुआत से पहले मुंबई इंडियंस के कप्तान रोहित शर्मा और कोच महेला जयवर्धने ने पत्रकारों से बात की है। इस दौरान रोहित ने कई सवालों के जवाब दिए। अमर उजाला के सवाल पर रोहित ने आईपीएल में लागू हो रहे तीन नए नियमों की तारीफ की। उन्होंने कहा कि इससे मैच में गलतियां होने की संभावना कम होगी। वहीं मांकड़िंग के नियम पर रोहित ने कहा कि अब बल्लेबाजों को सावधान रहना होगा। कैच आउट के नियम में बदलाव आने से गेंदबाजी टीम के पास मैच में वापसी करने का बेहतर मौका रहेगा।
रोहित आईपीएल के नियमों में बदलाव होने से बेहद खुश हैं। उन्होंने नियमों में बदलाव के फैसले की जमकर तारीफ की। यहां हम उन तीनों नियमों के बारे में बता रहे हैं, जिनके आने से आईपीएल का खेल कई मायनों में बदल जाएगा।
क्या हैं आईपीएल के नए नियम
आईपीएल 2022 में कैच आउट, मांकड़िंग और डीआरएस के नियम बदले गए हैं। इससे अलावा कोरोना के कारण मैचों के लिए टीम के नियम में भी बदलाव किया गया है। सुपरओवर का नियम भी बदला गया है।
डीआरएस का नियम बदला
आईपीएल में पहले एक पारी में एक डीआरएस मिलता था। कुल मिलाकर मैच में दोनों टीमों के पास चार डीआरएस होते थे। एक टीम के पास दो डीआरएस होते थे, जिनमें से एक बल्लेबाजी और एक गेंदबाजी के दौरान इस्तेमाल किया जा सकता था। अब एक टीम के पास चार डीआरएस होंगे। दो का इस्तेमाल बल्लेबाजी और दो डीआरएस का इस्तेमाल गेंदबाजी के दौरान किया जा सकेगा।
रोहित ने कहा कि यह नियम आने से मैच में गलती की संभावना कम होगी। अंपायर के गलती करने पर भी खिलाड़ी उनके फैसले को चुनौती देकर सही फैसला करवा सकेंगे।
कैच आउट के नियम में भी बदलाव
अब किसी बल्लेबाज के कैच आउट होने पर नए बल्लेबाज को ही अगली गेंद खेलनी होगी। अब तक यह नियम था कि कैच पकड़े जाने से पहले अगर बल्लेबाजों ने छोर बदल लिए हैं तो नॉन स्ट्राइक पर खड़ा बल्लेबाज अगली गेंद खेलता था। हालांकि, जब कोई बल्लेबाज ओवर की आखिरी गेंद पर कैच आउट होगा तो अगले ओवर की पहली गेंद दूसरे छोर पर खड़ा बल्लेबाज ही खेलेगा।
रोहित के अनुसार इस नियम के आने से गेंदबाजी करने वाली टीम के पास वापसी का बेहतर मौका रहेगा। बोल्ड और एलबीडब्लू जैसे नियमों में पहले से ही नए बल्लेबाज को पहली गेंद खेलनी पड़ती थी। अब कैच आउट के नियम में भी ऐसा होने पर गेंदबाज के पास वापसी करने का बेहतरीन मौका रहेगा।
मांकड़िंग अब रन आउट का एक तरीका
अब मांकड़िंग को रन आउट की श्रेणी में माना जाएगा। अगर नॉन स्ट्राइक में खड़ा कोई बल्लेबाज गेंद फेंकी जाने से पहले क्रीज छोड़ देता है और गेंदबाज गिल्लियां बिखेर देता है तो उसे रन आउट माना जाएगा। पहले इस नियम को खेल भावना के विपरीत माना जाता था और अधिकतर गेंदबाज इस तरीके से किसी बल्लेबाज को आउट करने से बचते थे, लेकिन इस नियम को मान्यता मिलने से गेंदबाज इस तरीके से ज्यादा बल्लेबाजों को आउट करने की कोशिश करेंगे। रोहित ने कहा कि अब बल्लेबाजों को सावधान रहना होगा।
सुपर ओवर का नया नियम
अगर प्लेऑफ या फाइनल मैच टाई हो जाता है और सुपर ओवर नहीं हो पाता है तो अंकतालिका में ऊपर रहने वाली टीम को विजेता घोषित किया जाएगा। हालांकि, अधिकतर टाई मैचों में सुपर ओवर होता है और इसी के जरिए विजेता का एलान होता है। किसी सुपर ओवर के टाई होने की संभावना बेहद कम होती है।