आईपीएल 2022 को लेकर तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। इस सीजन आठ की जगह 10 टीमें खेलेंगी। अहमदाबाद और लखनऊ इस लीग से जु़ड़ने वाली दो नई टीमें हैं। 12 और 13 फरवरी को बेंगलुरु में मेगा ऑक्शन होना है। आईपीएल गवर्निंग काउंसिल ने लखनऊ और अहमदाबाद फ्रेंचाइजी को 22 जनवरी तक ड्रॉफ्ट के जरिए अपने तीन-तीन खिलाड़ियों के नाम बताने को कहा है। अहमदाबाद ने सोमवार को हार्दिक पांड्या, राशिद खान और शुभमन गिल को चुना है। वहीं, अब लखनऊ ने भी अपने तीन खिलाड़ियों को चुन लिया है।
राहुल बनेंगे लखनऊ टीम के कप्तान
ईएसपीएन क्रिकइन्फो की रिपोर्ट के मुताबिक, दक्षिण अफ्रीका में भारतीय टीम को लीड करने वाले केएल राहुल को लखनऊ ने अपनी टीम से जोड़ा है। पहले भी कई मीडिया रिपोर्ट्स में खबर आई थी कि राहुल इस फ्रेंचाइजी से जुड़ सकते हैं। उन्हें लखनऊ की टीम का कप्तान भी बनाया जाएगा। इसके अलावा लखनऊ फ्रेंचाइजी ने ऑस्ट्रेलिया के विस्फोटक ऑलराउंडर मार्कस स्टोइनिस और भारत के अनकैप्ड लेग स्पिनर रवि बिश्नोई को अपनी टीम में शामिल किया है।
रवि बिश्नोई और राहुल पंजाब फ्रेंचाइजी के लिए साथ खेल चुके हैं
राहुल को 15 और स्टोइनिस को 11 करोड़ रुपये
लखनऊ फ्रेंचाइजी राहुल को 15 करोड़, स्टोइनिस को 11 करोड़ और बिश्नोई को 4 करोड़ रुपये देगी। फ्रेंचाइजी मेगा ऑक्शन में 60 करोड़ रुपये के साथ उतरेगी। 29 साल के राहुल आईपीएल 2018 के बाद से लीग के सबसे कंसिस्टेंट बल्लेबाज रहे हैं। उन्होंने पहले ही अपनी पुरानी फ्रेंचाइजी पंजाब किंग्स को टीम छोड़ने के बारे में बता दिया था। इस वजह से पंजाब ने उन्हें रीटेन नहीं किया था। राहुल पिछले दो सीजन में पंजाब के कप्तान रहे थे।
2013 में राहुल ने आईपीएल में किया था डेब्यू
राहुल को 2013 में पहली बार रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने अपनी टीम में शामिल किया था। इसके बाद 2014 में वे सनराइजर्स हैदराबाद टीम से खेले। 2016 में बैंगलोर ने उन्हें वापस ट्रेड से अपनी टीम में शामिल किया। 2018 में पंजाब ने राहुल को 11 करोड़ रुपये देकर खरीदा था। उनके पंजाब से जुड़ने के बाद टीम का प्रदर्शन गिरता गया, लेकिन राहुल लगातार अपने बल्ले से जलवा बिखेरते रहे।
राहुल ने पंजाब के लिए चार सीजन में खूब रन बनाए
चार सीजन तक पंजाब से जुड़े रहने के बाद वह टीम के अब तक के सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। इस टीम के लिए खेली 55 पारियों में उन्होंने 56.62 की औसत से 2548 रन बनाए। इसमें 23 अर्धशतक और दो शतक शामिल हैं। राहुल ने इस दौरान पंजाब फ्रेंचाइजी द्वारा बनाए गए कुल रन का 26.52 प्रतिशत रन बनाया। 2018 आईपीएल में राहुल ने 659 रन, 2019 में 593 रन, 2020 में 670 रन और 2021 में 626 रन बनाए।
आईपीएल में स्टोइनिस का स्ट्राइक रेट 142 से ऊपर
वहीं, मार्कस स्टोइनिस के लिए लखनऊ चौथी आईपीएल फ्रेंचाइजी होगी। उन्होंने अपने आईपीएल करियर की शुरुआत 2015 में दिल्ली कैपिटल्स के साथ की थी। इसके बाद वह पंजाब और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के लिए भी खेले। 2020 में दिल्ली ने वापस से उन्हें 4.8 करोड़ रुपये में खरीदा। दिल्ली के लिए खेले 27 मैच में 32 वर्षीय स्टोइनिस ने 142.71 के स्ट्राइक रेट से 441 रन बनाए हैं। इसके अलावा उन्होंने 15 विकेट भी झटके।
मार्कस स्टोइनिस
बिश्नोई 2020 अंडर-19 विश्व कप से चमके थे
लेग स्पिनर रवि बिश्नोई 2020 अंडर-19 विश्व कप के बाद से चमके हैं। उस टूर्नामेंट में वह सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज थे। रवि को इस सीजन का सबसे चहेता अनकैप्ड प्लेयर भी माना जा रहा है। कई फ्रेंचाइजी ने उनमें दिलचस्पी दिखाई है। 2020 में मुंबई से लड़कर पंजाब ने रवि को दो करोड़ रुपये में खरीदा था। वह अपने पहले सीजन में ही पंजाब के सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले स्पिनर बने। उन्होंने 14 मैचों में 12 विकेट लिए। वहीं, 2021 आईपीएल में रवि के नाम 9 मैचों में 12 विकेट रहा। इस लीग में उनकी इकोनॉमी रेट 6.95 है।
रवि बिश्नोई
अहमदाबाद ने भी अपने तीन खिलाड़ियों की घोषणा की
इससे पहले सोमवार को अहमदाबाद ने अपने तीन खिलाड़ी चुने थे। उन्होंने भारतीय ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या, अफगानिस्तान के स्पिनर राशिद खान और भारतीय ओपनर शुभमन गिल को टीम में शामिल किया है। हार्दिक अहमदाबाद फ्रेंचाइजी के कप्तान बनेंगे। उन्हें टीम ने 15 करोड़ रुपये में खरीदा है। वहीं, राशिद को भी फ्रेंचाइजी 15 करोड़ रुपये ही देगी। शुभमन को 7 करोड़ रुपये मिलेंगे।