शोएब अख्तर ने सीएसके टीम मैनेजमेंट पर निशाना साधा है
- फोटो : सोशल मीडिया
आईपीएल 2022 में मुंबई इंडियंस के बाद चेन्नई सुपर किंग्स की टीम भी प्लेऑफ की रेस से बाहर हो चुकी है। चेन्नई की टीम डिफेंडिंग चैंपियन थी, लेकिन शुरुआती कुछ मैचों में खराब प्रदर्शन का टीम को नुकसान हुआ। बाद में टीम इससे उबर नहीं सकी। सीजन की शुरुआत के बाद से ही सीएसके के ड्रेसिंग रूम में काफी ड्रामा देखने को मिला।
शुरुआत में एमएस धोनी ने कप्तानी रवींद्र जडेजा को सौंप दी। जडेजा कप्तान के रूप में अपनी टीम को जीत के लिए प्रेरित नहीं कर सके और शुरुआती आठ में से टीम को छह में हार मिली। इसके बाद जडेजा ने अपने खेल पर अधिक ध्यान केंद्रित करने के लिए कप्तानी पद से इस्तीफा दे दिया और धोनी को फिर से कप्तान बनाया गया।
सीएसके के सीजन और कप्तानी वाले विवाद को लेकर पाकिस्तान के पूर्व कप्तान शोएब अख्तर ने बयान दिया है। एक स्पोर्ट्स वेबसाइट को दिए इंटरव्यू में चेन्नई के टीम मैनेजमेंट पर निशाना साधा है। अख्तर ने कहा कि चेन्नई टीम मैनेजमेंट सीजन को लेकर गंभीर नहीं था। अख्तर ने कहा कि चेन्नई को नए दृष्टिकोण के साथ अगले सीजन में वापसी करनी चाहिए।
शोएब अख्तर ने कहा- मुझे लगा कि सीएसके टीम मैनेजमेंट गंभीर नहीं था। अगर धोनी चले जाते हैं, तो वे क्या करेंगे? उन्होंने अचानक रवींद्र जडेजा को कप्तानी क्यों दी? केवल वे ही इस फैसले के बारे में अच्छे से बता सकते हैं। उन्हें अगले सीजन में स्पष्ट सोच के साथ आना होगा। उन्हें जिन खिलाड़ियों की जरूरत है सिर्फ उन्हें बरकरार रखा जाना चाहिए।
शोएब अख्तर ने साथ ही धोनी के भविष्य को लेकर भी बात की और कहा कि यह अनुभवी विकेटकीपर बल्लेबाज हमेशा टीम के लिए बेशकीमती रहेंगे।अख्तर ने कहा- अगर धोनी मेंटर के रूप में आना चाहते हैं, तो इससे टीम को फायदा ही होगा। उन्होंने भारत के लिए 2021 टी 20 विश्व कप में ऐसा ही किया था। अगर वह अगले दो सीजन के लिए खेलना जारी रखना चाहते हैं तो यह टीम के लिए और भी बढ़िया होगा।