रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने आईपीएल 2021 के दूसरे फेज की शुरुआत हार से की। टीम को कोलकाता नाइटराइडर्स (केकेआर) के खिलाफ मैच में हार का सामना करना पड़ा। हालांकि, कप्तान विराट कोहली और उनकी टीम इससे निराश नहीं है। महेंद्र सिंह धोनी की चेन्नई सुपरकिंग्स के खिलाफ शुक्रवार को होने वाले मैच से पहले विराट ने अपनी टीम की हिम्मत बढ़ाई। बतौर कप्तान यह उनका आखिरी आईपीएल है। इसके बाद वे सिर्फ खिलाड़ी के तौर पर खेलेंगे।
कोहली ने खिलाड़ियों को प्रेरित किया
कोहली ने आगामी मैचों के लिए अपने साथी खिलाड़ियों को प्रेरित करने की जिम्मेदारी खुद पर ली। फ्रेंचाइजी ने सोशल मीडिया पर इसका वीडियो भी पोस्ट किया है। कोहली ने हार को अगले मैचों के लिए प्रेरणा के तौर पर लेने को कहा। उन्होंने कहा- हमें हार को तुरंत स्वीकार करना चाहिए और शांति बनानी चाहिए।
टीम के तौर पर खेलने की दी नसीहत
कोहली ने कहा- शांति का यह मतलब नहीं कि हम अगले मैचों के लिए तत्पर नहीं हैं। इससे हमें आगे जीतने की भूख मिलेगी। इस हार से हमें मैदान पर लौटने और फिर से जीतने की प्रेरणा मिलेगी। हमने इस टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन किया है और आगे भी जरूर खेलेंगे। हमें यह मान लेना चाहिए कि किसी न किसी मोड़ पर हमें ऐसी स्थिति का सामना करना पड़ेगा। हमें टीम के तौर पर खेलना है, तभी जीत पाएंगे।
कोलकाता के खिलाफ बिखरी टीम
कोलकाता के खिलाफ मैच में कोहली की टीम बल्लेबाजी में बिखर गई थी। टीम 92 रन बनाकर ऑलआउट हो गई थी। 200वां मैच खेल रहे कोहली खुद पांच रन पर आउट हुए थे। इसके बाद कोलकाता ने 10 ओवर में एक विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया था। शुभमन गिल ने 34 गेंदों पर 48 रनों की पारी और वैंकटेश अय्यर ने 27 गेंदों पर 41 रन की नाबाद पारी खेली थी। शुक्रवार को रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर का सामना चेन्नई सुपर किंग्स से शारजाह क्रिकेट स्टेडियम में होगा।