हर्षल पटेल बॉलिंग में टॉप पर हैं।
- फोटो : सोशल मीडिया
रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के तेज गेंदबाज हर्षल पटेल ने आईपीएल 2021 में एक नया रिकॉर्ड अपने नाम किया है। वह लीग के एक सीजन में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले भारतीय गेंदबाज बन गए हैं। उन्होंने इस मामले में मुंबई इंडियंस के जसप्रीत बुमराह का रिकॉर्ड तोड़ा। हर्षल ने अबु धाबी के शेख जायेद स्टेडियम में खेले गए सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मुकाबले में यह उपलब्धि हासिल की।
हर्षल ने मैच में हैदराबाद के कप्तान केन विलियमसन, ऋद्धिमान साहा और जेसन होल्डर को आउट किया। इस सीजन हर्षल ने अब तक 29 विकेट झटके हैं। इससे पहले बुमराह ने पिछले सीजन 27 विकेट झटके थे। हर्षल ने इस रिकॉर्ड को तोड़ दिया। वहीं, तीसरे नंबर पर भुवनेश्वर कुमार हैं। भुवनेश्वर कुमार ने साल 2017 के सीजन में कुल 26 विकेट लिए थे।
आईपीएल के एक सीजन में सबसे ज्यादा विकेट
- 32: ड्वेन ब्रावो (2013)
- 30: कगिसो रबाडा (2020)
- 29: हर्षल पटेल (2021)
- 28: लसिथ मलिंगा (2011)
- 28: जेम्स फॉकनर (2013)
एक सीजन सबसे ज्यादा विकेट लेने का रिकॉर्ड चेन्नई सुपर किंग्स के ड्वेन ब्रावो को नाम है। ब्रावो ने 2013 आईपीएल में 32 विकेट झटके थे। हर्षल इस रिकॉर्ड से बस तीन विकेट दूर हैं और प्लेऑफ तक इस रिकॉर्ड को तोड़ सकते हैं। दूसरे नंबर पर दिल्ली कैपिटल्स के कगिसो रबाडा हैं। रबाडा ने पिछले सीजन 30 विकेट झटके थे। हर्षल इसके बाद तीसरे नंबर पर हैं। एक सीजन में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज को मिलने वाला पर्पल कैप भी उन्हीं के पास है।
हर्षल के तीन विकेट की बदौलत एसआरएच टीम 20 ओवर में सात विकेट पर सिर्फ 141 रन ही बना सकी। हैदराबाद के लिए मुकाबले में ओपनर जेसन रॉय ने सबसे ज्यादा 44 रन बनाए। उन्होंने 38 गेंदों पर 5 चौके लगाए। वहीं, कप्तान केन विलियमसन ने 29 गेंदों पर 4 चौकों की मदद से 31 रन बनाए। हर्षल के अलावा डैनियल क्रिश्चियन ने दो विकेट लिए।