'चाइनामैन गेंदबाज' के नाम से मशहूर टीम इंडिया के स्टार स्पिनर कुलदीप यादव की घुटने की सर्जरी सफल हुई। इसकी जानकारी उन्होंने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल के जरिए दी। कुलदीप ने लिखा, 'ऑपरेशन सफल रहा और उबरने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। समर्थन के लिए सभी का धन्यवाद। अब ध्यान रिहैबिलिटेशन अच्छी तरह से पूरा करने पर है और फिर मैदान पर वापसी करते हुए जल्द से जल्द वह करना है जो करना मुझे पसंद है।'
घुटने में लगी चोट थी गंभीर
बता दें कि 27 सितंबर को कुलदीप को घुटने में गंभीर चोट लगी थी। बीसीसीआई के एक वरिष्ठ अधिकारी ने खुलासा किया था, 'हां, हमें सूचना मिली है कि यूएई में अभ्यास सत्र के दौरान कुलदीप को घुटने में गंभीर चोट लगी है। संभवत: क्षेत्ररक्षण के दौरान उसका घुटना मुड़ गया और उस समय चोट गंभीर थी।' उन्होंने कहा, 'कोई संभावना नहीं थी कि वह आईपीएल में आगे हिस्सा ले पाएगा और इसलिए उसे भारत वापस भेज दिया गया।'
आईपीएल 2021 में नदारद रहे कुलदीप, नहीं खेले एक भी मैच
भारत के लिए सात टेस्ट, 65 वन-डे और 23 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने वाले कुलदीप आईपीएल के 14वें सीजन में केकेआर की तरफ से एक भी मैच नहीं खेले। तीनों फॉर्मेट में कुलदीप के नाम 174 अंतरराष्ट्रीय विकेट दर्ज हैं। इससे पहले वह श्रीलंका दौरे पर खेले थे। उन्होंने वन-डे में 48 रन देकर दो जबकि टी-20 अंतरराष्ट्रीय में 30 रन देकर दो विकेट चटकाए।