उधर, टीम के पूर्व कप्तान दिनेश कार्तिक को भरोसा है कि उनकी टीम बाकी बचे सात में से छह मैच जीतकर आईपीएल प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई कर लेगी। कार्तिक ने कहा, 'हम सात में से छह मैच जीतना चाहते हैं। यह सामान्य सी बात है। एक टीम के रूप में यही हमारा लक्ष्य है। एक बार में एक मैच पर ध्यान लगाएंगे लेकिन अगले सात में से छह मैच जीतने की कोशिश करेंगे।' कार्तिक ने आगे कहा, 'पिछले साल जब हम यूएई में खेले थे तो कम मामूली अंतर से चूक प्लेऑफ में क्वालीफाई करने से चूक गए थे। हमने क्वालीफाई करने वाली आखिरी टीम के बराबर मैच जीते लेकिन इसके बावजूद नॉकआउट में जगह नहीं बना सके। लगातार दो साल हम अंक तालिका में पांचवें स्थान पर रहे। यह अब भी मुझे कष्ट देता है।' बता दें कि दो बार की पूर्व चैंपियन केकेआर के लिए आईपीएल 2021 का पहला चरण अच्छा नहीं रहा और टीम सात मैचों में सिर्फ दो में जीत दर्ज कर पाई। केकेआर की टीम अंकतालिका में नीचे है।
बता दें कि कई टीमों में कोरोना के मामले सामने आने के बाद आईपीएल के 14वें सीजन को चार मई को स्थगित कर दिया गया था। दो मई तक कुल 29 मुकाबले खेले गए थे। आईपीएल 2021 के स्थगित होने तक दिल्ली कैपिटल्स आठ मैचों में छह जीत के साथ पहले स्थान पर है जबकि चेन्नई सुपर किंग्स पांच मैचों में जीत के साथ दूसरे नंबर पर काबिज है। वहीं, विराट कोहली की कप्तानी वाली आरसीबी पांच मैचों में जीत के साथ तीसरे स्थान पर है।