यूएई में 19 सितंबर से शुरू होने वाले आईपीएल 2021 के दूसरे चरण के लिए लगभग सभी टीमों ने कमर कस ली है। इसके लिए सभी खिलाड़ी यहां पहुंच चुके हैं। इस बीच पंजाब किग्स की टीम अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो पोस्ट किया है, जिसमें टीम के मुख्य कोच अनिल कुंबले और वसीम जाफर कराओके इवेंट में गाना गाते हुए नजर आ रहे हैं। पंजाब किंग्स ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर वीडियो शेयर करते हुए लिखा, 'पीबीकेएस कराओके, क्रिकेट के दो दिग्गज एक अलग विकेट पर!' वीडियो में कुंबले और जाफर की जुगलबंदी दिखी। दोनों 'कभी अलविदा ना कहना...' गाना गा रहे हैं। बता दें कि 'कभी अलविदा न कहना' इस गीत को जावेद अख्तर ने लिखा है और शंकर-एहसान-लॉय इसमें संगीत दिया है। इस गीत को सोनू निगम और अलका याग्निक ने गाया है।
बता दें कि आईपीएल के दूसरे चरण में पहला मुकाबला पांच बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस और तीन बार की विजेता चेन्नई सुपरकिंग्स के बीच खेला जाएगा। आईपीएल के बाकी बचे 31 मुकाबले 27 दिन में दुबई, शारजाह और अबू धाबी में खेले जाएंगे। आईपीएल 2021 के पहले चरण को कोरोना महामारी के कारण चार मई को स्थगित कर दिया गया था। दो मई तक कुल 29 मुकाबले खेले गए थे। आईपीएल 2021 के स्थगित होने तक दिल्ली कैपिटल्स आठ मैचों में छह जीत के साथ पहले स्थान पर है जबकि चेन्नई सुपर किंग्स पांच मैचों में जीत के साथ दूसरे नंबर पर काबिज है। वहीं, विराट कोहली की कप्तानी वाली आरसीबी पांच मैचों में जीत के साथ तीसरे स्थान पर है।
पंजाब का पहला मुकाबला राजस्थान से
पंजाब किंग्स दूसरे चरण में अपने अभियान की शुरुआत राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ करेगी। दोनों टीमों के बीच यह मुकाबला 21 सितंबर को दुबई में खेला जाएगा। पंजाब की टीम ने अभी तक आठ मैच खेले हैं, जिसमें उसे तीन में जीत मिली है जबकि पांच में हार का सामना करना पड़ा है। टीम अंकतालिका में छह अंकों के साथ छठे स्थान पर है।