बात करें इयोन मॉर्गन की कप्तानी वाली कोलकाता नाइटराइडर्स की तो उसने दूसरे चरण में बेहद शानदार प्रदर्शन किया है। केकेआर ने पिछले तीन में से दो मुकाबले जीते हैं, इसमें भी उसे चेन्नई के खिलाफ मैच में करीबी हार का सामना करना पड़ा। केकेआर की टीम 10 मुकाबले खेलकर आठ अंकों के साथ चौथे पायदान पर है। वह इस मुकाबले को जीतकर शीर्ष चार में बनी रहना चाहेगी।
कोलकाता को हालांकि इस मुकाबले में अपने खतरनाक ऑलराउंडर आंद्रे रसेल के बिना उतरना पड़ सकता है, ऐसा इसलिए क्योंकि रसेल पिछले मुकाबले में चोटिल हो गए थे। रसेल अगर बाहर होते हैं तो यह केकेआर के लिए बड़ा झटका जबकि दिल्ली के लिए राहत की बात हो सकती है।
आईपीएल 2021 में दिल्ली vs कोलकाता
- फोटो : अमर उजाला
आंकड़ों की बात करें तो दिल्ली और कोलकाता के बीच मुकाबला बराबरी का है। दोनों टीमों के बीच अब तक कुल 29 मैच हुए हैं। इसमें से कोलकाता और दिल्ली दोनों ने 14-14 मैच जीते हैं। एक मैच का कोई नतीजा नहीं निकला। यूएई में दोनों टीमें अब तक चार बार आमने-सामने आ चुकी हैं। इसमें से तीन दिल्ली और एक मैच कोलकाता ने जीता है। दिल्ली ने पिछले दो मैचों में कोलकाता को हराया भी है।
दिल्ली की टीम अपने पहले खिताब के लिए इस बार पूरा जोर लगा रही है। टीम के गेंदबाज उसके लिए बेहतरीन गेंदबाजी कर रहे हैं और विरोधियों पर पूरी तरह से दबदबा बनाए हुए हैं। बात करें दोनों टीमों के पिछले प्रदर्शन की तो दिल्ली कैपिटल्स ने राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ बेहतरीन जीत दर्ज की थी जबकि कोलकाता को चेन्नई के खिलाफ मैच में आखिरी गेंद पर हार का सामना करना पड़ा था।
प्लेऑफ के लिए जीत जरुरी
कोलकाता को अगर प्लेऑफ की अपनी उम्मीद बरकरार रखनी है तो उसे दिल्ली के खिलाफ हर हाल में मैच जीतना होगा। टीम के लिए इस मैच में किसी भी तरह की गलती की गुंजाइश नहीं होगी। दिल्ली को हराने के लिए केकेआर को हर क्षेत्र में अपना सर्वश्रेष्ठ देना होगा।
कोलकाता नाइटराइडर्स: शुभमन गिल, वेंकटेश अय्यर, राहुल त्रिपाठी, मॉर्गन (कप्तान), नितीश राणा, दिनेश कार्तिक (विकेटकीपर), आंद्रे रसेल, सुनील नरेन, लॉकी फर्ग्यूसन, वरुण चक्रवर्ती, प्रसिद्ध कृष्णा
दिल्ली कैपिटल्स: पृथ्वी शॉ, शिखर धवन, श्रेयस अय्यर, ऋषभ पंत (कप्तान और विकेटकीपर), ललित यादव, शिमरॉन हेटमायर, अक्षर पटेल, रविचंद्रन अश्विन, कगिसो रबाडा, एनरिक नॉर्टजे, अवेश खान