रॉबिन उथप्पा के लिए मौजूदा सीजन अब तक अच्छा नहीं बीता है। उन्होंने अच्छी शुरुआत हासिल करने के बावजूद अपना विकेट गंवाया। अब एसआरएच के खिलाफ वह करिश्माई प्रदर्शन करके अपने चयन को सार्थक साबित करने की कोशिश करेंगे।
शुभमन गिल को चौथे क्रम पर भेजे जाने की उम्मीद कर सकते हैं क्योंकि नितीश राणा के फॉर्म में गिरावट आई है। युवा गिल ने दर्शाया है कि मौका मिलने पर वह अच्छी पारी खेलने में सक्षम हैं।
दिनेश कार्तिक- कप्तान इस टीम की बल्लेबाजी की रीढ़ की हड्डी हैं। कार्तिक ने अब तक अच्छा प्रदर्शन किया है और एक बार फिर टीम को उनसे काफी उम्मीदें रहेंगी। फैंस भी उम्मीद कर सकते हैं कि केकेआर को तीसरा ख़िताब दिलाने के लिए कार्तिक अपने अलग अवतार में नजर आएंगे।
नितीश राणा का बल्लेबाजी में फॉर्म पिछले कुछ समय से ठीक नहीं चल रहा है। हालांकि, उनमें अकेले के दम पर बाजी पलटने की काबिलियत है। राणा की भी कोशिश रहेगी कि वह शुक्रवार को अपना बेस्ट प्रदर्शन दे और टीम को फाइनल में पहुंचाएं।
आंद्रे रसेल से टीम को विशाल उम्मीदें हैं। राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ 49 रन की पारी खेलकर मैन ऑफ द मैच रहे रसेल बेहतरीन ऑलराउंडर हैं। वह अपना शानदार फॉर्म जारी रखते हुए केकेआर को अच्छी स्थिति में पहुंचाने की कोशिश करेंगे।
पियूष चावला ने इस सीजन में अब तक अच्छा प्रदर्शन किया है। उन्होंने नियमित अंतराल में विकेट चटकाए हैं और बल्लेबाजों को काफी परेशान भी किया। पिछले मैच में भी चावला ने अच्छा प्रदर्शन किया और वह इस फॉर्म को जारी रखने की कोशिश करेंगे।
कुलदीप यादव की शुरुआत अच्छी नहीं रही, लेकिन फिर उन्होंने धमाकेदार प्रदर्शन किया। यादव की खासियत यही रही कि उन्होंने बल्लेबाजों को खुलकर रन नहीं बनाने दिए। यादव ऐसे ही सटीक लाइन व लेंथ से गेंदबाजी करने की कोशिश करेंगे ताकि उनकी टीम फाइनल के लिए क्वालीफाई कर सकें।
टॉम करन को जेवोन सियरलेस की जगह मौका दिया जा सकता है। सियरलेस मिले मौके को भुना नहीं पाए और बेहतर प्रदर्शन करने में कामयाब नहीं हुए। करन ने भी अच्छा प्रदर्शन नहीं किया है, लेकिन अगर उन्हें मौका मिलता है तो वह निश्चित ही इसे स्पेशल बनाना चाहेंगे।
प्रसिद्ध कृष्णा को मौजूदा आईपीएल की खोज माना जा रहा है। उन्होंने काफी अच्छी गेंदबाजी की और विकेट भी चटकाए। अच्छी बात यह रही कि कृष्णा ने रन खर्च नहीं किए। एसआरएच के खिलाफ कृष्णा एक्स फैक्टर साबित हो सकते हैं।