हैदराबाद के खिलाफ सोमवार को 95 रनों की शानदार पारी खेलकर पंजाब को जीत के मुहाने तक ले जाने वाले किंग्स इलेवन पंजाब के बल्लेबाज मनन वोहरा का मानना है कि उनकी टीम घरेलू मैदान पर होने वाले मैचों में एक बार फिर लय हासिल कर लेगी। हालांकि पंजाब आईपीएल-10 में अब तक तीन मुकाबले हार चुकी है।
वोहरा ने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ 95 रनों की दमदार पारी खेली लेकिन पंजाब को पांच रन से हार झेलनी पड़ी। पंजाब की यह लगातार तीसरी हार रही लेकिन वोहरा ने अपनी टीम पर किसी भी तरह का दबाव होने की बात को खारिज किया। वोहरा ने कहा, ‘यह टूर्नामेंट का शुरुआती चरण है लेकिन हम अपनी विजयी लय पर वापस लौटना चाहते हैं। जब हम अपने घरेलू मैदान पर खेलेंगे तो उम्मीद है कि अच्छी चीजें होंगी।’ पंजाब अपने घरेलू मैदान पर पहला मैच 28 अप्रैल को मोहाली में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ खेलेगी। फिलहाल पंजाब ने इंदौर को अपना घरेलू मैदान बना रखा है।