आईपीएल 6 को समाप्त होने में अब दो हफ्ते से कम का समय रह गया है। लेकिन सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी के लिए दिए जाने वाले पर्पल कैप को हासिल करने के लिए 5 गेंदबाजों में जर्बदस्त जंग छिड़ी हुई है।
टूर्नामेंट के 61 मैचों के बाद भी कोई भी गेंदबाज पर्पल कैप को लेकर निश्चित बढ़त बनाने में नाकाम रहा है। कोलकाता नाइटराइडर्स के फिरकी गेंदबाज सुनील नारायन,चेन्नई सुपर किंग्स के ड्वेन ब्रावो और रॉयल चैलेंजर्स बंगलोर के तेज गेंदबाज विनय कुमार 22-22 विकेट लेकर संयुक्त रूप से सबसे आगे बने हुए हैं।
जबकि मुंबई इंडियंस के तेज गेंदबाज मिचेल जानसन और राजस्थान रॉयल्स के जेम्स फॉकनर के खाते में 19-19 विकेट दर्ज हैं। हालांकि दोनों ने शीर्ष पर चल रहे तीनों गेंदबाजों की तुलना में 2-2 मैच कम खेले हैं। जानसन और फॉकनर ने 12-12 मैच खेले हैं।
रांची में पिछली रात यानी रविवार को बेंगलूर और कोलकाता के बीच खेले गए मुकाबले में नारायन ने 22 रन पर 4 विकेट हासिल करने के साथ ही सर्वाधिक विकेट लेने वाले गेंदबाजों की सूची में पहले स्थान पर फिर से अपना कब्जा जमा लिया। नारायन अब तक खेले अपने 14 मैचों में 14.22 के औसत से 22 विकेट हासिल कर चुके हैं।
नारायन के हमवतन व चेन्नई के आलराउंडर ड्वेन ब्रावो के भी 14 मैचों में 18.22 के औसत से 22 विकेट हैं। लेकिन औसत में पिछड़ने के कारण वह नारायन से एक स्थान नीचे दूसरे पायदान पर हैं।
इन दोनों के अलावा एक और गेंदबाज है जो पर्पल कैप के लिए दोनों गेंदबाजों को कड़ी चुनौती दे रहा है। वह है रॉयल चैलेंजर्स बेंगलूर के तेज गेंदबाज आर विनय कुमार। विनय ने भी 14 मैचों में 20.36 के औसत से 22 विकेट हासिल किए हैं और वह औसत के हिसाब से तीसरे नंबर पर हैं।
मुंबई के जानसन और राजस्थान के फॉकनर पर्पल कैप की जंग की फेहरिस्त में चौथे व पांचवें पायदान पर है।
टूर्नामेंट में हर गेंदबाजों के पास अब कुछ ही मैच शेष हैं और उनकी टीमों के लिए निर्णायक भी। ऐसे में इन दावेदार गेंदबाजों की चाहत होगी कि शानदार प्रदर्शन कर वह न सिर्फ पर्पल कैप पर अपना कब्जा जमाए बल्कि उनकी टीम भी प्ले ऑफ में पहुंच जाए।