ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेले गए एकदिवसीय मैच के दौरान भारत की कप्तान मिताली राज ने और उपलब्धि हासिल की। इस मैच के जरिए उन्होंने अपने क्रिकेट करियर में बीस हजार रन पूरे कर लिए। मिताली ने यह कीर्तिमान आज कंगारू टीम के खिलाफ मैके में खेले गए पहले एकदिवसीय मैच में स्थापित किया।
मिताली ने खेली 61 रनों की पारी
भारतीय कप्तान मिताली राज ने इस मुकाबले में 61 रनों की पारी खेली। उन्होंने यह रन 107 गेंदों का सामना करते हुए बनाए। उनकी इस इनिंग्स के चलते भारतीय टीम 8 विकेट पर 225 रन बनाने में सफल रही। यह मिताली के वनडे करियर का 59वां अर्धशतक था। वैसे मिताली राज महिला इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली दुनिया की पहली बल्लेबाज हैं। इसी साल इंग्लैंड दौरे पर मिताली राज महिला इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली खिलाड़ी बनी थीं।
क्रिकेट के सभी फॉर्मेट में पूरे किए बीस हजार रन
मिताली राज प्रथम श्रेणी क्रिकेट, लिस्ट ए और टी-20 क्रिकेट में सभी पारुपों को मिलाकर अपने क्रिकेट करियर में 20 हजार रन बनाने में सफल हो गईं। वह साल 1999 से क्रिकेट में धमाल मचा रही हैं। इस दौरान उन्होंने अपने क्रिकेट करियर में कई रिकॉर्ड स्थापित किए।
पांच मैचों में लगा चुकी हैं लगातार अर्धशतक
मिताली राज इन दिनों प्रचंड फॉर्म में हैं। वह महिला वनडे क्रिकेट में लगातार पांच अर्धशतक लगा चुकी हैं। इससे पहले उन्होंने इस साल दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ वनडे मैच में लखनऊ में 79 रनों की नाबाद पारी खेली थी। इसके बाद इंग्लैंड के विरुद्ध ब्रिस्टल में 72, टॉन्टन में 59 और वॉरसेस्टर में नाबाद 75 रन बनाए थे।
ऐसा है मिताली का इंटरनेशनल करियर
मिताली राज ने भारत के लिए 11 टेस्ट मैच खेले जिनमें उन्होंने 669 रन बनाए हैं। टेस्ट में उनके नाम एक शतक और चार अर्धशतक दर्ज हैं। इसके अलावा उन्होंने टीम इंडिया के लिेए 218 वनडे मैच खेले हैं जिनकी 197 पारियों में 55 बार नॉट ऑउट रहते हुए 7367 रन बनाने में सफलता हासिल की। एकदिवसीय क्रिकेट में उन्होंने 7 शतक समेत 59 अर्धशतक जड़े हैं। इतना ही नहीं मिताली ने 89 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में 2364 रन बनाए जिनमें उन्होंने 17 पचासे लगाए थे।