महेंद्र सिंह धोनी की अगुवाई में टीम इंडिया को जहां हार का सामना करना पड़ रहा है, वहीं महिला टीम ने क्लीन स्वीप करके नए साल की शानदार शुरुआत की है।
भारत की पुरुष टीम न्यूजीलैंड में पांच मैचों की वनडे सीरीज में 0-2 से पीछे है। लेकिन मिताली राज की अगुवाई में भारतीय महिला टीम ने पुरुष टीम की हार के गम को थोड़ा कम किया है।
विशाखापत्तनम में गुरुवार को खेले गए तीसरे वनडे मैच में भारत ने श्रीलंका को 95 रन से हराया। इससे पहले भारत ने पहले और दूसरे वनडे में सात विकेट (क्रमशः 105 और 63 बॉल शेष रहते) से जीत हासिल की थी।
तीसरे मैच में पहले बल्लेबाजी का न्योता मिलने के बाद भारत ने 50 ओवर में पांच विकेट के नुकसान पर 229 रन बनाए।
भारतीय टीम की ओर से कप्तान मिताली राज ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 109 गेंदों में 104 रन बनाकर नाबाद रही। अपनी इस शतकीय पारी में उन्होंने आठ चौके के अलावा दो छक्के भी लगाए।
जवाब में श्रीलंका टीम की शुरुआत बेहद खराब रही और 54 रन के अंदर चार विकेट गंवा दिए। श्रीलंका के छह बल्लेबाज तो दहाई का आंकड़ा भी नहीं पार सकी।
भारत की ओर से पूनम यादव ने 10 ओवर में तीन मेडन फेंके और 13 रन देकर चार विकेट झटके।