भारत और अफगानिस्तान के बीच होने वाला टी-20 वर्ल्ड कप का ग्रुप बी का मुकाबला टीम इंडिया के लिहाज से बेहद अहम है। भारतीय टीम के लिए यह करो या मरो का मुकाबला है। टीम की जीत उसके सेमीफाइनल में पहुंचने की उम्मीदों को बरकरार रखेगी, जबकि यहां मिली हार उसके लिए आगे के दरवाजे बंद कर देगी। यही कारण है कि मैच से पहले टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली, कोच रवि शास्त्री और मेंटर महेंद्र सिंह धोनी अभ्यास सत्र में बेहद गंभीर नजर आए। तीनों क्रिकेट दिग्गज मैच को लेकर रणनीति बनाते और एक-दूसरे से चर्चा करते दिखे। इन तीनों के बीच 20-25 मिनट की चर्चा हुई।
इस चर्चा से पहले विराट कोहली ने टीम के दाएं हाथ के बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव से बातचीत की। न्यूजीलैंड के खिलाफ मैच में पीठ दर्द की वजह से बाहर रहे सूर्यकुमार ने यहां अभ्यास सत्र में भाग लिया। इस दौरान महेंद्र सिंह धोनी ने रवि शास्त्री से अलग से बात की। सूर्यकुमार इस मैच में वापसी कर सकते हैं जबकि हार्दिक पांड्या और ईशान किशन में से किसी एक को मौका मिल सकता है।
भारतीय टीम का यह अभ्यास सत्र हालांकि थोड़ा छोटा रहा लेकिन इसमें टीम के सीनियर खिलाड़ी विराट कोहली और रोहित शर्मा ने भाग लिया। इससे पहले टीम इंडिया ने अभ्यास सत्र को नहीं करने का फैसला किया था लेकिन शुरू के दोनों मुकाबले में मिली करारी हार के बाद उसे अपना फैसला बदलना पड़ा।
अभ्यास सत्र में हालांकि टीम के स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद शमी ने हिस्सा नहीं लिया। लेकिन ऋषभ पंत और केएल राहुल को छोड़कर लगभग सभी बल्लेबाजों नें हिस्सा लिया।