आईसीसी द्वारा प्रत्येक महीने दिए जाने वाले इस पुरस्कार के लिए पुरुष कैटेगरी में डेवोन कॉनवे, क्विंटन डी कॉक और काइल जेमीसन को नामित किया गया था। महिला और पुरुष खिलाड़ियों का यह नामांकन जून महीने के लिए किया गया है। जून में क्रिकेट मैदान पर इन सभी महिला और पुरुष क्रिकेटरों ने खूब धूम मचाई।
बीते महीने इंडिया की ऑलराउंडर स्नेह राणा ने ब्रिस्टल में इंग्लैंड की महिला टीम के खिलाफ टेस्ट डेब्यू किया। इस मैच में उन्होंने नाबाद 80 रन बनाए थे। उनकी इस धैर्यपूर्ण और शानदार पारी के चलते भारत हार टालने में सफल रहा। टीम इंडिया को इस मुकाबले में फॉलोआन करना पड़ा था। इससे पहले राणा ने मैच में 131 रन देकर चार विकेट भी लिए जिनमें टैमी ब्यूमॉन्ट और एमी जोंस के विकेट भी शामिल थे। इसके अलावा उन्होंने वनडे मैच में भी 43 रन पर एक विकेट लिया था।
वहीं शेफाली वर्मा ने भी इंग्लैंड के खिलाफ ब्रिस्टल में अपने टेस्ट करियर की शुरुआत की। 17 वर्षीया शेफाली भारत की पहली और दुनिया की चौथी महिला क्रिकेटर थीं जिन्होंने डेब्यू मैच की दोनों पारियों में अर्धशतक लगाया। पहली पारी में शेफाली ने 96 और दूसरी इनिंग्स में 63 रन बनाए थे। उनके इस प्रदर्शन के देखते हुए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच का खिताब दिया गया। इसके अलावा शेफाली ने एकदिवसीय मैचों में 59 रन बनाए।
वहीं पुरुषों की कैटेगरी में दक्षिण अफ्रीका के क्विंटन डी कॉक नामित किए गए हैं जिन्होंने हाल ही में वेस्टइंडीज के खिलाफ संपन्न हुई टी-20 सीरीज में प्लेयर ऑफ सीरीज के खिताब से नवाजा गया था। इसके अलावा उन्होंने पहले टेस्ट में 141 रन नाबाद बनाए जबकि दूसरे मुकाबले में 96 रनों की पारी खेली। इस तरह डी कॉक ने टेस्ट सीरीज में 237 रन बनाने में सफल रहे। जबकि भारत के खिलाफ विश्व टेस्ट चैंपियनशिप में जीत दर्ज करने वाली न्यूजीलैंड टीम के खिलाड़ी काइल जेमीसन और डेवोन कॉनवे इंग्लैंड के खिलाफ भी टेस्ट सीरीज में बेहतरीन प्रदर्शन किया था।