India Cricket Calendar 2025 Time Table: भारतीय टीम के लिए 2024 का साल उतार-चढ़ाव भरा रहा। अफगानिस्तान के खिलाफ टी20 सीरीज हो या इंग्लैंड के खिलाफ घरेलू टेस्ट सीरीज, भारतीय टीम ने अपना लोहा मनवाया। इसके बाद जून में टी20 विश्व कप का खिताब जीतकर आईसीसी खिताब जीतने का सूखा भी समाप्त किया। हालांकि, न्यूजीलैंड के खिलाफ घरेलू टेस्ट सीरीज गंवाने और अब ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पांच मैचों की टेस्ट सीरीज में पिछड़ने से थोड़ी निराशा भी हुई, लेकिन टीम के सामने इस साल कई बड़ी चुनौतियां हैं।
भारत ने हार के साथ किया साल का अंत
रोहित शर्मा की अगुआई वाली भारतीय टीम ने 2024 साल का अंत हार के साथ किया। उसे मेलबर्न में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेले गए चौथे टेस्ट मैच में हार का सामना करना पड़ा जिससे वह पांच मैचों की बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी में 1-2 से पिछड़ गई है। हालांकि, टीम को इस साल की शुरुआत ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पांचवें टेस्ट से ही करनी है। दोनों टीमों के बीच यह मुकाबला तीन जनवरी से सिडनी में खेला जाएगा। भारत के लिए यह मुकाबला करो या मरो की तरह होगा क्योंकि उसके पास इस ट्रॉफी को बरकरार रखने के साथ ही विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (डब्ल्यूटीसी) फाइनल के लिए अपनी संभावनाएं जीवंत रखने का मौका होगा।
इंग्लैंड से लेकर चैंपियंस ट्रॉफी तक, भारत के सामने मजबूत चुनौती
भारत को इस साल की शुरुआत में ही घर पर इंग्लैंड से सीमित ओवरों की सीरीज खेलनी है। भारत और इंग्लैंड के बीच 22 जनवरी से 12 फरवरी तक पांच टी20 और तीन वनडे मैचों की सीरीज होनी है। इसके बाद भारतीय टीम को वनडे प्रारूप में होने वाले चैंपियंस ट्रॉफी में हिस्सा लेना है। इसका आयोजन पाकिस्तान में होना है, लेकिन भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने पाकिस्तान की यात्रा करने से इन्कार कर दिया था, जिसके बाद आईसीसी ने भारत के मुकाबले दुबई में कराने का फैसला किया। भारत ने आखिरी बार 2013 में चैंपियंस ट्रॉफी जीती थी और 2017 में उसे फाइनल में पाकिस्तान से हार का सामना करना पड़ा था।
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सीरीज में पिछड़ने के बाद भारत के लिए डब्ल्यूटीसी फाइनल की राहें कठिन हो गई हैं, लेकिन उसके दरवाजे पूरी तरह बंद नहीं हुए हैं। भारतीय टीम अगर ऑस्ट्रेलिया को पांचवें टेस्ट में हरा देती है तो उसे प्रार्थना करनी होगी कि श्रीलंका के खिलाफ कंगारू टीम दो मैचों की टेस्ट सीरीज में जीत नहीं दर्ज कर सके। ऐसे में भारत डब्ल्यूटीसी फाइनल के लिए क्वालिफाई कर सकता है। भारत अगर ऐसा करने में सफल रहा तो जून में लंदन में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ खिताबी मुकाबला खेलेगा। डब्ल्यूटीसी फाइनल 11 से 15 जून तक खेला जाएगा।
इंग्लैंड-बांग्लादेश का करना है दौरा
भारतीय टीम को जून से अगस्त तक पांच मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए इंग्लैंड का दौरा करना है। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 2024 में पांच मैचों की टेस्ट सीरीज के बाद इस साल भारतीय टीम के सामने इंग्लैंड की चुनौती होगी। भारत और इंग्लैंड के बीच 20 जून से चार अगस्त तक होने वाली यह टेस्ट सीरीज 2025-2027 डब्ल्यूटीसी चक्र का हिस्सा होगी। इंग्लैंड के बाद भारत को अगस्त में तीन वनडे और इतने ही टी20 मैचों की सीरीज के लिए बांग्लादेश का दौरा करना है। इस सीरीज के लिए तारीख और स्थान की घोषणा नहीं की गई है।
वेस्टइंडीज की मेजबानी और एशिया कप की चुनौती
बांग्लादेश दौरे के बाद भारतीय टीम दो मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए वेस्टइंडीज की मेजबानी करेगी। इसके लिए भी फिलहाल तारीख और स्थान की घोषणा नहीं की गई है, लेकिन यह अक्तूबर में खेली जाएगी। वेस्टइंडीज के खिलाफ टेस्ट सीरीज के बाद टीम टी20 प्रारूप में होने वाले एशिया कप में हिस्सा लेगी। इसका आयोजन अक्तूबर-नवंबर में भारत की मेजबानी में होना है जिसमें छह टीमें हिस्सा लेंगी। भारत इस टूर्नामेंट का गत चैंपियन है और उसके सामने खिताब बचाने की चुनौती होगी। 2026 में होने वाले टी20 विश्व कप की तैयारियों को देखते हुए यह टूर्नामेंट काफी अहम होगा।
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेलनी है सीमित ओवर की सीरीज
भारत को 2025 साल के अंत में एक बार फिर ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेलने का मौका मिलेगा। टीम अब घरेलू जमीन पर कंगारू टीम के खिलाफ नवंबर में तीन वनडे और पांच टी20 मैचों की सीरीज खेलेगी।
दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ तीनों प्रारूप की सीरीज खेलेगा भारत
भारत 2025 के अंत में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ तीनों प्रारूपों की सीरीज खेलेगा। यह सीरीज भारत में ही होगी। नवंबर-दिसंबर 2025 में भारत दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ दो टेस्ट, तीन वनडे और पांच टी20 मैचों की सीरीज खेलेगा।