भारतीय बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव दाहिने हाथ में लगी चोट के कारण पांच सितंबर से शुरू हो रही दलीप ट्रॉफी के पहले दौर के मैच नहीं खेल सकेंगे। सूर्यकुमार ने कोयंबटूर में तमिलनाडु क्रिकेट संघ एकादश के खिलाफ मुंबई के लिए बुची बाबू आमंत्रण टूर्नामेंट खेला था। वह चोट के कारण आखिरी दिन नहीं खेल सके थे।
सूर्यकुमार को पांच से आठ सितंबर तक अनंतपुर में भारत डी के खिलाफ भारत सी के लिए खेलना है। वह बेंगलुरु में राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी (एनसीए) जाएंगे। भारत ए और भारत बी का मैच बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम पर होगा। सूर्यकुमार को तमिलनाडु के खिलाफ मैच के दौरान फील्डिंग करते वक्त चोट लगी थी।
बांग्लादेश के खिलाफ सीरीज से पहले बढ़ी चिंता
भारतीय टीम को बांग्लादेश के खिलाफ सितंबर में दो मैचों की टेस्ट सीरीज खेलनी है। इस सीरीज का पहला मुकाबला 19 सितंबर से चेन्नई में होगा। भारतीय खिलाड़ी श्रीलंका के खिलाफ जुलाई-अगस्त में खेली गई सीमित ओवरों की सीरीज के बाद से ब्रेक पर चल रहे हैं। इस सीरीज से पहले ही हालांकि, सूर्यकुमार यादव की चोट ने भारत की चिंता बढ़ा दी है जो टेस्ट में वापसी करने के लिए उत्सुक हैं। हालांकि, यह तय नहीं है कि उन्हें बांग्लादेश के खिलाफ टेस्ट सीरीज में मौका मिलेगा या नहीं।
भारत के टी20 कप्तान सूर्यकुमार यादव ने अपने करियर में अब तक सिर्फ एक टेस्ट मैच खेला है, लेकिन उन्होंने भारत के लिए लंबे प्रारूप में खेलने की इच्छा जाहिर की थी। सूर्यकुमार ने फरवरी 2023 में बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी में भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच नागपुर टेस्ट से भारत के लिए टेस्ट में डेब्यू किया था। हालांकि, चोट के कारण वह बाद में पूरी सीरीज से बाहर हो गए थे। सूर्यकुमार ने टेस्ट क्रिकेट को प्राथमिकता बताते हुए कहा था, लाल गेंद का क्रिकेट हमेशा से मेरी प्राथमिकता रही है। जब मैं मुंबई के मैदानों में बड़ा हुआ और बहुत सारे स्थानीय क्रिकेट खेले, तो मैंने लाल चेरी के साथ खेलना शुरू कर दिया। सबसे लंबे प्रारूप के लिए प्यार वहीं से शुरू हुआ और हमेशा रहा है। मैंने 10 साल से भी अधिक समय से कई प्रथम श्रेणी मैचों में हिस्सा लिया है और मैं अब भी इस प्रारूप में खेलने का लुत्फ उठाता हूं।