बांग्लादेश के युवा तेज गेंदबाजों हसन महमूद (पांच विकेट) और नाहिद राणा (चार विकेट) ने आपस में नौ विकेट साझा करते हुए दूसरे टेस्ट मैच के चौथे दिन पाकिस्तान की दूसरी पारी को दूसरे सत्र में 172 रन समेट दिया। इस तरह बांग्लादेश को जीत के लिए 185 रनों का लक्ष्य मिला है। बारिश और खराब रोशनी के कारण चौथे दिन का खेल समय से पहले रोकना पड़ा और बांग्लादेश ने स्टंप तक अपनी दूसरी पारी में बिना किसी नुकसान के 42 रन बना लिए। टीम को जीत के लिए और 143 रन की जरूरत है और उसके सभी विकेट बचे हुए है। दिन का खेल समाप्त होने तक जाकिर हसन 31 रन और शादमान इस्लाम नौ रन बनाकर क्रीज पर मौजूद थे।
पाकिस्तान के खिलाफ पहली टेस्ट सीरीज जीतने के करीब बांग्लादेश
बांग्लादेश की टीम अगर इस मैच को जीतने या ड्रॉ कराने में सफल रही तो यह टेस्ट सीरीज में पाकिस्तान के खिलाफ उसकी पहली जबकि विदेशी सरजमीं पर दूसरी जीत होगी। टीम इससे पहले 2009 में वेस्टइंडीज में टेस्ट सीरीज अपने नाम करने में सफल रही थी। दो मैचों की यह सीरीज आईसीसी विश्व टेस्ट चैंपियनशिप का हिस्सा है। नौ देशों की तालिका में बांग्लादेश छठे और पाकिस्तान आठवें पायदान पर है।
पाकिस्तान के खिलाफ मौजूदा सीरीज के पहले मैच को 10 विकेट से जीतने वाले बांग्लादेश के लिए सोमवार को 21 साल के राणा ने शीर्ष क्रम को झकझोरा जबकि 24 साल के महमूद ने मध्यक्रम और निचले क्रम के बल्लेबाजों को चलता कर टीम के लिए अच्छा मौका बनाया है। पहली पारी में 12 रन की बढ़त हासिल करने वाली पाकिस्तान की टीम चाय के विश्राम से पहले ऑलआउट हो गई।
सलमान-रिजवान की अर्धशतकीय साझेदारी
दिन के दूसरे सत्र में सलमान अली अगा (47) और मोहम्मद रिजवान (43) ने सातवें विकेट के लिए 55 रन की साझेदारी कर मैच में पाकिस्तान की वापसी करने की कोशिश की। महमूद ने हालांकि शानदार लय में चल रहे रिजवान को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा। महमूद ने अगली गेंद पर मोहम्मद अली को चलता किया लेकिन हैट्रिक पूरा करने से चूक गए। सलमान ने पुछल्ले बल्लेबाजों के साथ 36 रन जोड़कर पाकिस्तान को संघर्ष करने लायक लक्ष्य तक पहुंचाया।