बाएं हाथ के बल्लेबाज ओमफाइल रामेला (112) के शानदार शतक की बदौलत दक्षिण अफ्रीका ए टीम ने भारत ए के खिलाफ जारी चार दिवसीय अनधिकृत टेस्ट मैच में मंगलवार को विशाल स्कोर की ओर कदम बढ़ा दिए हैं।
पहले दिन का खेल खत्म होने तक अफ्रीकी टीम ने चार विकेट पर 293 रन बना लिए हैं। टेंबा बावूमा 55 रन बनाकर क्रीज पर डटे हुए हैं जबकि डेन पिड्ट को अभी अपना खाता खोलना है।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला करने वाली अफ्रीकी टीम के लिए उसके सलामी बल्लेबाजों रीजा हेंड्रिक्स और स्टीआन वान जिल ने पहले विकेट के लिए 60 रन जोड़े।
जिल 63 गेंदों पर पांच चौकों की मदद से 28 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें जयंत यादव ने आउट किया। हेंड्रिक्स के रूप में अफ्रीका का दूसरा विकेट गिरा जिन्हें 50 रन के निजी योग पर ईश्वर पांडेय की गेंद पर अंकुश बैंस ने कैच लपका।
थेउनिस डे ब्रूयन 38 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें अक्षर पटेल ने आउट किया। दक्षिण अफ्रीका का चौथा और दिन का अंतिम विकेट रामेला के रूप में गिरा जिन्हें पटेल की गेंद पर बैंस ने लपका।
रामेला ने अपनी शानदार पारी के दौरान 197 गेंदों पर 12 चौके और तीन छक्के लगाए। भारत की ओर से पटेल ने दो जबकि पांडेय और यादव ने एक-एक विकेट झटके।