महिला टी20 विश्व कप 2024 का आगाज हो चुका है। भारतीय टीम अपने अभियान की शुरुआत शुक्रवार को न्यूजीलैंड के खिलाफ मैच से करेगी। इससे पहले टीम इंडिया की स्टार बल्लेबाज शेफाली वर्मा ने अपनी साथी खिलाड़ी की तारीफ में कसीदे पढ़े हैं। उन्होंने टीम की उप-कप्तान स्मृति मंधाना के विषय में बात करते हुए कहा कि हम दोनों एक-दूसरे को समझते हैं।
दोनों ने 73 मैचों में 2483 रन बनाए
शेफाली वर्मा और स्मृति मंधाना टी20 अंतरराष्ट्रीय की सबसे सफल सलामी जोड़ियों में से एक हैं। दोनों ने 73 मैचों में तीन शतकीय और 16 अर्धशतकीय साझेदारियों की बदौलत 2483 रन बनाए हैं। इस मामले में शीर्ष पर ऑस्ट्रेलिया की एलिसा हीली और बेथ मूनी हैं, जिन्होंने पिछले आठ वर्षों में 81 मैचों में 2635 रन बनाए।
खिताब के सूखे को खत्म करने उतरेगी टीम इंडिया
शेफाली ने कहा कि वह और मंधाना चेहरे के भावों के जरिए एक-दूसरे की भावनाओं को समझ जाती हैं। आगामी मैच में इन दोनों बल्लेबाजों पर भारत को अच्छी शुरुआत दिलाने की जिम्मेदारी होगी। भारतीय टीम अब तक महिला टी20 विश्व कप का खिताब नहीं जीत पाई है। इस बार टीम इस सूखे को खत्म करने के उद्देश्य से उतर सकती है।
शेफाली ने की मंधाना की तारीफ
शेफाली ने कहा- मैं पिछले दो-तीन वर्षों से स्मृति के साथ ओपनिंग कर रही हूं और अब हम बल्लेबाजी करते समय अपने चेहरे के भावों से ही एक-दूसरे की भावनाओं को समझ सकते हैं। हम एक-दूसरे की ताकत और कमजोरियों को जानते हैं और हम एक-दूसरे को सकारात्मक ऊर्जा देते हैं। हम समझते हैं कि हम दोनों टीम के लिए कितने महत्वपूर्ण हैं, खासकर पावरप्ले के दौरान इसलिए हम अपने लिए, अपने साथियों और देश के लिए अच्छा प्रदर्शन करने की कोशिश करते हैं।
सोफी डिवाइन पर भी की महिला बल्लेबाज ने बात
इस दौरान दाएं हाथ की बल्लेबाज ने न्यूजीलैंड की ऑलराउंडर सोफी डिवाइन को लेकर भी बात की। उन्होंने बताया कि वह एक निडर बल्लेबाज हैं। शेफाली का मानना है कि भारत बनाम न्यूजीलैंड मैच में उनकी टीम सोफी को जल्दी आउट करने पर ध्यान केंद्रित करेगी। रोहतक की बल्लेबाज ने कहा- हां, हमारा पहला मैच न्यूजीलैंड के खिलाफ है और लंबे समय के बाद उनका सामना करना रोमांचक है। हम पिछले छह-सात महीनों से विश्व कप की तैयारी कर रहे हैं और हम सभी इसके लिए उत्साहित हैं। सोफी डिवाइन एक निडर बल्लेबाज हैं, इसलिए हम उन्हें जल्दी आउट करने की कोशिश करेंगे।
दोनों टीमों के हेड-टु-हेड रिकॉर्ड
भारत और न्यूजीलैंड के बीच अब तक 13 टी20 मैचों में भिड़ंत हुई है। इसमें न्यूजीलैंड ने नौ मैच जीते हैं जबकि भारत ने चार में जीत हासिल की है। आंकड़ों में न्यूजीलैंड की टीम का रिकॉर्ड भारत के खिलाफ अच्छा रहा है, लेकिन भारतीय टीम इस टूर्नामेंट में पूरी तैयारी के साथ आई है और अपने दिन किसी भी टीम को मात देने का दम रखती है। दुबई अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम ने अब तक 97 मैचों की मेजबानी की है, जिसमें पहले बल्लेबाजी करने वाली टीमों ने 45 बार जीत हासिल की है और लक्ष्य का पीछा करने वाली टीमों ने 51 बार जीत हासिल की है। पहली पारी में औसत स्कोर लगभग 141 रन है, जबकि दूसरी पारी का औसत स्कोर लगभग 125 रन है।