वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे सीरीज के पहले मैच में दीपक हुड्डा का वनडे करियर शुरू हुआ। पूर्व भारतीय कप्तान विराट कोहली ने उन्हें भारत की वनडे टीम के कैप दी। हुड्डा एक आक्रामक बल्लेबाज हैं और ऑफ स्पिन गेंदबाजी भी करते हैं। उन्होंने भारतीय टीम के 100वें मैच में अपने वनडे करियर की शुरुआत की। दीपक भारत के लिए वनडे क्रिकेट खेलने वाले 243वें खिलाड़ी हैं। उन्होंने हाल ही में घरेलू क्रिकेट में काफी अच्छा प्रदर्शन किया था।
यह दीपक का पहला अंतरराष्ट्रीय मैच है, लेकिन आईपीएल में उनके पास काफी अनुभव है। 80 आईपीएल मैचों में उन्होंने 16.7 के औसत से 785 रन बनाए हैं। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 129. 54 का रहा है। आईपीएल में उनकी सबसे बड़ी पारी 64 रन की रही है। वहीं गेंद के साथ उन्होंने नौ विकेट अपने नाम किए हैं और उनका इकोनॉमी रेट 8.46 का रहा है।
क्रुणाल पांड्या के साथ विवाद को लेकर सुर्खियों में थे
साल 2021 में क्रुणाल पांड्या के सात दीपक हुड्डा का विवाद हुआ था। इस वजह से काफी चर्चा में रहे थे। क्रुणाल से झगड़े के बाद बड़ौदा क्रिकेट एसोसिएशन ने दीपक को निलंबित कर दिया था। अब दीपक हुड्डा राजस्थान के लिए खेलते हैं। दीपक मूल रूप से हरियाणा के रहने वाले हैं लेकिन उनके पिता वायुसेना में थे। इस वजह से उनका बचपन अलग-अलग शहरों में गुजरा। उन्होंने घरेलू क्रिकेट में बड़ौदा के लिए खेलना शुरू किया और यहीं से उन्होंने आईपीएल में अपनी जगह बनाई।
दीपक के पिता कबड्डी खिलाड़ी थे और उन्होंने अपने घर के पीछे क्रिकेट की पिच बनवा दी थी। यहीं दीपक क्रिकेट खेलते हुए बड़े हुए। वह साल 2014 में भारत की अंडर-19 विश्वकप टीम का भी हिस्सा थे। आईपीएल में दीपक राजस्थान रॉयल्स, सनराइजर्स हैदराबाद और पंजाब किंग्स का हिस्सा रहे हैं।
शैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में किया कमाल
पिछले साल सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में दीपक रन बनाने में दूसरे नंबर पर थे। उन्होंने छह मैच में 73.50 की औसत से 294 रन बनाए थे। इस दौरान उनके बल्ले से चार अर्धशतक निकले थे। इसी प्रदर्शन के आधार पर उन्हें भारतीय टीम में जगह मिली है। वहीं अपने करियर में दीपक ने 46 फर्स्ट क्लास मैच खेले हैं और 42.76 की औसत से 2908 रन बनाए हैं। इसमें नौ शतक और 15 अर्धशतक शामिल हैं। 74 लिस्ट ए मैच में दीपक ने 38.25 की औसत से 2257 रन बनाए हैं। इस दौरान उनके बल्ले से चार शतक और 12 अर्धशतक निकले हैं। 141 टी20 मुकाबलों में दीपक ने 2172 रन बनाए हैं।