विकेटकीपर बल्लेबाज पॉली इंगलिस को भारत के खिलाफ गुरुवार से अहमदाबाद में शुरू होने वाली तीन मैचों की महिला वनडे सीरीज के लिए महिला टी20 विश्व चैंपियन न्यूजीलैंड की 15 सदस्यीय टीम में शामिल किया गया है। 28 वर्षीय इंगलिस को महिलाओं के सुपर स्मैश में ओटागो स्पार्क्स और न्यूजीलैंड ए की तरफ से बल्लेबाज और विकेटकीपर दोनों भूमिकाओं में अच्छा प्रदर्शन करने के कारण टीम में लिया गया है। उन्हें इससे पहले जून मे पहली बार केंद्रीय अनुबंध में शामिल किया गया था।
न्यूजीलैंड की महिला टीम के मुख्य कोच बेन सॉयर ने बयान में कहा, 'हम पॉली के पहले दौरे को लेकर बेहद उत्साहित हैं। उन्होंने पिछले सत्र में शानदार प्रदर्शन किया था।' मातृत्व अवकाश के बाद जुलाई में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट फिर से शुरू करने के बाद लॉरेन डाउन की भी टीम में वापसी हुई है। इस साल के शुरू में पीठ दर्द से परेशान रही रोजमेरी मैयर को विश्राम दिया गया है।
मैयर और ऑफ स्पिनर लीग कास्पेरेक को छोड़कर संयुक्त अरब अमीरात में टी20 विश्व कप जीतने वाली टीम की सभी खिलाड़ियों को टीम में शामिल किया गया है। सॉयर ने कहा, 'भारत का दौरा बेहद महत्वपूर्ण होता है। यह बहुत खास जगह है और मैं जानता हूं कि हर कोई आने वाली चुनौती का इंतजार कर रहा है। यह दौरा अगले साल भारत में होने वाले वनडे विश्व कप की तैयारी की दृष्टि से भी महत्वपूर्ण है।'
महिला टीम ने भी टी20 विश्व कप जीतकर इतिहास रच दिया। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ खेले गए फाइनल में टीम ने 32 रन से जीत दर्ज की। न्यूजीलैंड की महिला क्रिकेट टीम का प्रदर्शन इस पूरे टूर्नामेंट में शानदार रहा था। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ एक मैच गंवाने के बाद टीम ने लगातार चार मैच जीते और विश्व चैंपियन बनी। न्यूजीलैंड की महिला टीम ने टूर्नामेंट में छह मैच खेले और पांच में जीत हासिल की। यह महिला टी20 विश्व कप का नौवां संस्करण था और कीवी टीम पहली बार चैंपियन बनी। कीवियों ने 20 ओवर में पांच विकेट पर 158 रन बनाए। जवाब में अफ्रीकी टीम नौ विकेट पर 126 रन ही बना सकी। इस तरह न्यूजीलैंड ने अपना पहला खिताब जीत लिया।
भारत दौरे के लिए न्यूजीलैंड महिला वनडे टीम: सोफी डिवाइन (कप्तान), सुजी बेट्स, एडेन कार्सन, लॉरेन डाउन, इजr गेज, मैडी ग्रीन, ब्रुक हॉलिडे, पॉली इंगलिस (विकेटकीपर), फ्रान जोनास, जेस केर, मेली केर, मौली पेनफोल्ड, जॉर्जिया प्लिमर , हन्ना रोवे, ली ताहुहू।