पहले गुप्टिल ने दीपक को घूरा, बाद में गुप्टिल को आंख दिखाते दीपक चाहर।
- फोटो : सोशल मीडिया
भारत ने न्यूजीलैंड को पहले टी-20 मुकाबले में पांच विकेट से हरा दिया। जयपुर के सवाई मान सिंह स्टेडियम में खेले गए इस मैच में 165 रन के लक्ष्य को भारत ने 19.4 ओवर में हासिल कर लिया। भारत की ओर से सूर्यकुमार यादव और नए कप्तान रोहित शर्मा ने शानदार पारी खेली। टी-विश्व कप में खराब प्रदर्शन के बाद भारत ने सकारात्मक शुरुआत की है। इस मैच में मार्टिन गुप्टिल और दीपक चाहर के बीच विवाद भी देखा गया। हालांकि, यह विवाद इशारों-इशारों में ही हुआ।
दरअसल, हुआ यूं कि न्यूजीलैंड की पारी के 18वें ओवर में दीपक चाहर गेंदबाजी करने आए। तब गुप्टिल 40 गेंदो पर 64 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे थे। 18वें ओवर की पहली गेंद पर गुप्टिल ने लॉन्ग ऑन के ऊपर से 98 मीटर का लंबा छक्का लगाया। इस गेंद छ्क्का लगाने के बाद गुप्टिल गेंद की तरफ नहीं बल्कि चाहर की तरफ घूर कर देखने लगे। चाहर ने जवाब में उनकी तरफ नजर नहीं दौड़ाई।
इसकी अगली गेंद पर दीपक चाहर ने एक और फुल लेंथ गेंद फेंकी। हालांकि, इसमें स्पीड कम थी और गुप्टिल ने एक बार फिर लंबा शॉट लगाना चाहा। गेंद धीमी होने के कारण गुप्टिल मनचाहा शॉट नहीं लगा सके और डीप मिड विकेट पर कैच आउट हो गए। इस बार आंख दिखाने की बारी चाहर की थी। उन्होंने बदला लेते हुए उसी अंदाज में गुप्टिल को घूरा जिस अंदाज में गुप्टिल ने पिछली गेंद पर देखा था। गुप्टिल हालांकि, आंख नीची कर पवेलियन की ओर चलते बने। सोशल मीडिया पर इन दोनों तस्वीरों को खूब शेयर किया जा रहा है।
गुप्टिल ने आउट होने से पहले 31 गेंदों पर 19वां टी-20 अंतरराष्ट्रीय अर्धशतक पूरा किया। आउट होने से पहले गुप्टिल ने 42 गेंदों में 70 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेली। उन्होंने अपनी पारी में चार छक्के और तीन चौके लगाए। उनकी इसी पारी के दम पर कीवी टीम 164 रन तक पहुंचने में सफल रही थी। लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत की शुरुआत शानदार रही। पहले विकेट के लिए रोहित शर्मा और केएल राहुल ने 31 गेंदों पर 50 रन जोड़े।
इसके बाद रोहित ने सूर्यकुमार यादव के साथ मिलकर भारतीय पारी को आगे बढ़ाया। दोनों ने 49 गेंदों पर 59 रन जोड़े। 36 गेंदों पर 48 रन बनाकर आउट हुए। वहीं, सूर्यकुमार 40 गेंदों पर 62 रन बनाकर आउट हुए। भारत ने पांच विकेट गंवाकर 19.4 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया। इस मैच को जीतने के साथ ही भारत ने अपने घर में लगातार 9 टी-20 मैच जीत लिए हैं।