भारत और इंग्लैंड के बीच खेले गए टेस्ट मैचों के आंकड़ों पर गौर किया जाए तो अब तक दोनों देशों के दरम्यान 126 मुकाबले खेले गए हैं। ओवर ऑल देखा जाए तो टेस्ट क्रिकेट में इंग्लैंड की टीम भारत पर भारी पड़ी है। अब तक खेले गए 126 मैचों में इंग्लैंड ने दबदबा कायम रखते हुए 48 मैच जीते हैं जबकि भारत 29 मुकाबले जीतने में सफल रहा। इस दौरान दोनों देशों के बीच 49 टेस्ट ड्रॉ रहे।
जहां तक नॉटिंघम के ट्रेंट ब्रिज की बात है तो भारत और इंग्लैंड के बीच इस मैदान अब तक सात टेस्ट मैच खेले गए हैं। जिनमें से दो मैच भारत ने और दो मैच इंग्लैंड ने जीते है। इंग्लैंड इस मैदान पर भारत से साल 2011 से कोई टेस्ट मैच नहीं जीता पाया है। 2011 के बाद दोनों देशों के बीच इस मैदान पर दो मैच हुए जिनमें एक ड्रॉ रहा और एक में टीम इंडिया ने इंग्लैंड को 203 रनों से हराया था।
ट्रेंट ब्रिज में भारत और इंग्लैंड के बीच खेले गए टेस्ट मैचों के इतिहास पर नजर डाली जाए तो दोनों टीमों के बीच पहला मुकाबला जून 1959 में खेला गया। इस मैच में इंग्लैंड ने भारतीय टीम को एक पारी और 59 रनों से हराया था। उसके बाद 1996, 2002 में खेले गए टेस्ट मैच ड्रॉ समाप्त हुए। जुलाई 2007 में एक बार फिर दोनों टीमें इस मैदान पर आमने-सामने हुईं। इस टेस्ट मैच में भारत ने इंग्लैंड को 7 विकेट से रौंदा। लेकिन अगस्त 2011 में खेले गए मुकाबले में इंग्लैंड ने पलटवार करते हुए भारत को 319 रनों के विशाल अंतर से हराया। वहीं, जुलाई 2014 में दोनों देशों के बीच खेला गया टेस्ट मैच ड्रॉ रहा। जबकि अगस्त 2018 में भारत ने 2011 की हार का बदला चुकाते हुए इंग्लैंड को 203 रनों के अंतर से शिकस्त दी।