लॉर्ड्स टेस्ट के पांचवें दिन मोहम्मद शमी और जसप्रीत बुमराह की बेहतरीन बल्लेबाजी की। इन दोनों बल्लेबाजों के दम पर भारत ने दूसरी पारी में आठ विकेट के नुकसान पर 298 रन बनाए। पुछल्ले बल्लेबाज शमी और बुमराह के बीच नौवें विकेट के लिए 89 रन की अटूट साझेदारी हुई। इस साझेदारी की चहुं ओर तारीफ हो रही है। इस बीच बीसीसीआई के सचिव जय शाह ने इन दोनों बल्लेबाजों की जमकर तारीफ की है। उन्होंने कहा, 'शमी और बुमराह ने भारतीय टीम को मुश्किल घड़ी से उबारा। दोनों की यह साझेदारी टीम के कैरेक्टर को दर्शाता है। उन्होंने लॉर्ड्स में आज के दिन को खास बनाया।'
वहीं, वीवीएस लक्ष्मण ने कहा, 'वाह! मजा आ गया। शमी और बुमराह के बीच क्या जबरदस्त साझेदारी हुई है।' लक्ष्मण ने आगे कहा कि हो सकता है कि उनके पास बेहतरीन तकनीक न हो लेकिन अनुभव से मैं कह सकता हूं कि गेंदबाजों का दिल बड़ा होता है।'
सचिन तेंदुलकर ने कहा, इस साझेदारी ने खेल का रंग बदल दिया है! इसे महत्वपूर्ण कहना एक तरह की खामोशी होगी। बहुत बढ़िया। शमी और बुमराह।'
बता दें कि भारत ने पांचवें दिन का खेल 181/6 से आगे खेलना शुरू किया था। भारत ने अपनी पहली पारी में 364 रन बनाए थे जिसके जवाब में इंग्लैंड ने 391 रन बनाकर 27 रन की बढ़त हासिल की थी।