पूर्व कप्तान माइकल वॉन को चिंता है कि इंग्लैंड एक ऐसी टीम बन जाएगी जो कड़ी मेहनत करने के बावजूद ज्यादा जीत हासिल करने में नाकाम रहेगी। उन्होंने भारत में टीम की बल्लेबाजी इकाई को सफल होने के लिए आक्रामक और पारंपरिक क्रिकेट की शैली के बीच संतुलन बनाने की सलाह दी। इंग्लैंड को ‘बैजबॉल’ तरीका अपनाने के बाद से टेस्ट क्रिकेट में अच्छी सफलता मिली है। टीम को हालांकि इस रवैये के कारण कुछ अहम मुकाबलों में हार का सामना भी करना पड़ा है, जिसमें एशेज सीरीज के मैच भी शामिल है।
इंग्लैंड ने घरेलू मैदान पर ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पिछली एशेज सीरीज को 2-2 से ड्रॉ खेला था। वॉन ने 'द टेलीग्राफ' में अपने कॉलम में लिखा, ''इंग्लैंड एक ऐसी टीम बन गयी है जिसकी बहुत अधिक आलोचना नहीं की जा सकती है क्योंकि उन्हें खेलते हुए देखना बहुत अच्छा है। हम मौजूदा टीम के खेल से बहुत प्रभावित होते हैं और बेन स्टोक्स के नेतृत्व में खिलाड़ियों ने बड़े पैमाने पर सुधार किया है।''
भारत को दे दिया वापसी का मौका
माइकव वॉन ने कहा, ''मुझे हालांकि चिंता है कि कहीं वे एक ऐसी टीम न बन जाए जो इतना शानदार करने के बाद भी अधिक मैच जीतने में सफल ना रहे। जब उन्हें एशेज सीरीज जीतनी चाहिए थी तब वे नहीं जीत सके और अब उन्होंने भारत को सीरीज में वापसी का मौका दे दिया है। यह तब हुआ जब भारतीय टीम में विराट कोहली समेत कई बड़े नाम मौजूद नहीं थे।''
भारत के खिलाफ दूसरे टेस्ट में हारी थी इंग्लैंड की टीम
इंग्लैंड ने भारत में पांच मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त ले ली थी, लेकिन बेन स्टोक्स की टीम के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच में भारत ने शानदार वापसी कर जीत दर्ज की। इंग्लैंड के लिए जैक क्राउली को छोड़कर उनके सभी बल्लेबाज बड़े स्कोर बनाने में असमर्थ रहे।