इंग्लैंड क्रिकेट टीम के कप्तान जो रूट ने लंदन के द ओवल में खेले जाने वाले चौथे टेस्ट मैच से पहले बयान दिया है। उनका कहना की चौथे मैच में भारत के पलटवार से निपटने के लिए इंग्लिश टीम ने अपनी तैयारी पूरी कर ली है। ऐसी उम्मीद की जा रही है कि ओवल टेस्ट में भारत के स्टार ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन खेलेंगे। इंग्लिश कप्तान ने अश्विन को लेकर भी बयान दिया है।
अश्विन के बारे में जो रूट ने कहा, उनका रिकॉर्ड खुद बोलता है, वह विश्व स्तरीय क्रिकेटर हैं, हमने अश्विन को अपने खिलाफ विकेट लेने के अलावा रन बनाते देखा है, हमें पता है कि टेस्ट क्रिकेट में वह क्या कर सकते हैं। आर अश्विन भारत के तीसरे सबसे सफल स्पिन गेंदबाज हैं।
तीसरे टेस्ट में इंग्लैंड ने की वापसी
भारत और इंग्लैंड के बीच तीसरा टेस्ट मैच लीड्स के हेडिंग्ले में खेला गया। इस मुकाबले में इंग्लिश टीम ने भारत को एक पारी और 76 रनों से हराया था। इससे पहले टीम इंडिया ने लॉर्ड्स टेस्ट में मेजबानों को 151 रनों से रौंदा था। जबकि नॉटिंघम में दोनों टीमों के बीच खेला गया टेस्ट मैच ड्रॉ रहा।
अश्विन की मांग
हेडिंग्ले में हारने के बाद आर अश्विन को टीम में खिलाए जाने की मांग तेज है। विराट कोहली भी चौथे टेस्ट में टीम में परिवर्तन की बात कह चुके हैं। इससे पहले तीनों टेस्ट मैचों में कप्तान कोहली ने रवींद्र जडेजा को खेलने का मौका दिया था।
टीम इंडिया के बारे में क्या बोले रूट
ओवल टेस्ट से पहले रूट ने कहा, हम भारत की हर चुनौती का सामने करने के लिए तैयारी करेंगे, भारत जिस किसी रणनीति के साथ उतरेगा हम उसके लिए तैयार रहेंगे। विराट कोहली इस सीरीज में रन नहीं बना रहे हैं जिसका श्रेय उन्होंने अपने गेंदबाजों को दिया। रूट ने कहा, इसका श्रेय हमारे गेंदबाजों के जाता है जो हमने विराट कोहली को खामोश रखा है, अपने गेंदबाजों से हम ऐसी ही उम्मीद आगे भी रखते हैं।