भारतीय खिलाड़ियों ने इस पूरे टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा यात्रा की। आठ अक्तूबर को चेन्नई में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टूर्नामेंट के पहले मैच से अहमदाबाद में फाइनल तक टीम इंडिया करीब 13,535 किलोमीटर की यात्रा कर चुकी है। पृथ्वी का व्यास 12,742 किलोमीटर है। यानी भारतीय टीम ने इस विश्व कप में पृथ्वी के एक चक्कर लगाने से ज्यादा यात्रा कर ली है। अहमदाबाद में फाइनल के लिए पहुंचने तक भारत ने कुल 11,029 किलोमीटर की यात्रा की। वहीं, इसमें अगर वॉर्म अप मैचों की यात्रा को भी शामिल कर लें यानी भारत ने दो वॉर्म अप मैच के लिए गुवाहाटी से तिरुवनंतपुरम की यात्रा की थी, जिसकी दूरी 2506 किलोमीटर है।
विश्व कप 2023 में भारतीय टीम का प्रदर्शन
इसे जोड़कर भारतीय टीम ने 13,535 किलोमीटर की यात्रा की। इसके बावजूद भारतीय टीम किसी मैच में कमजोर या थकी हुई नहीं दिखी और विश्व कप जीतने का जज्बा उनमें कूट-कूटकर भरा हुआ दिखा। भारतीय टीम ने पिछले 44 दिन में इतनी यात्रा के बावजूद लगातार 10 मैच जीते हैं। इस दौरान टीम इंडिया ने लीग राउंड में ऑस्ट्रेलिया, अफगानिस्तान, पाकिस्तान, बांग्लादेश, न्यूजीलैंड, इंग्लैंड, श्रीलंका, दक्षिण अफ्रीका, नीदरलैंड को शिकस्त दी। वहीं, सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड को सेमीफाइनल में 70 रन से हराया और चौथी बार फाइनल में जगह बनाई।
ऑस्ट्रेलिया टीम का ट्रैवल चार्ट (इसमें वॉर्म अप मैच का डेटा नहीं जुड़ा है)
वहीं, ऑस्ट्रेलिया की टीम के इस विश्व कप में शुरुआती दो मैच बेहद निराशाजनक रहे थे। टीम को पहले भारत और फिर दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था। हालांकि, इसके बाद ऑस्ट्रेलियाई टीम ने जबरदस्त वापसी की और लगातार आठ मैच जीते हैं। ऑस्ट्रेलियाई टीम ने लीग राउंड में भारत और दक्षिण अफ्रीका से हारने के बाद श्रीलंका, पाकिस्तान, नीदरलैंड, न्यूजीलैंड, इंग्लैंड, अफगानिस्तान और बांग्लादेश को शिकस्त दी। इसके बाद सेमीफाइनल में दक्षिण अफ्रीका को तीन विकेट से हराकर आठवीं बार फाइनल में जगह बनाई।
ऑस्ट्रेलियाई टीम का इस विश्व कप में प्रदर्शन
भारत की तरह ऑस्ट्रेलिया ने भी अपने विश्व कप 2023 सफर की शुरुआत चेन्नई से की थी। इस दौरान टीम ने फाइनल के लिए अहमदाबाद पहुंचने तक कुल 10,099 किलोमीटर की यात्रा की। भारत ने जहां नौ वेन्यू पर नौ लीग मैच खेले, वहीं ऑस्ट्रेलिया ने आठ वेन्यू पर नौ लीग मैच खेले। ऑस्ट्रेलिया को वॉर्म अप मैच के लिए हैदराबाद से तिरुवनंतपुरम की यात्रा करनी पड़ी थी। उसे मिलाकर ऑस्ट्रेलिया ने कुल 11,105 किलोमीटर की यात्रा की। टीम को इतनी यात्रा की वजह से कुछ फिटनेस के मामले भी सामने आए थे। मैक्सवेल भी अनफिट हुए थे, वहीं कुछ खिलाड़ियों को अत्यधिक गर्मी की मार झेलनी पड़ी थी। हालांकि, इन सबके बावजूद कंगारू टीम फाइनल में पहुंचने में कामयाब रही।
विश्व कप 2023 में ऑस्ट्रेलिया के मैच
| मैच |
ऑस्ट्रेलिया का स्कोर |
विपक्षी टीम का स्कोर |
जीत का अंतर |
| पहला |
199 |
201/4 (IND) |
6 विकेट (IND) |
| दूसरा |
177 |
311/7 (SA) |
134 रन (SA) |
| तीसरा |
215/5 |
209 (SL) |
5 विकेट |
| चौथा |
367/9 |
305 (PAK) |
62 रन |
| पांचवां |
399/8 |
90 (NED) |
309 रन |
| छठा |
388 |
383/9 (NZ) |
5 रन |
| सातवां |
286 |
253 (ENG) |
33 रन |
| आठवां |
293/7 |
291/5 (AFG) |
3 विकेट |
| नौवां |
307/2 |
306/8 (BAN) |
8 विकेट |
| 10वां |
215/7 |
212 (SA) |
3 विकेट |
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच 20 साल बाद विश्व कप का फाइनल होगा। पिछली बार टीम इंडिया 2003 में सौरव गांगुली की कप्तानी में दक्षिण अफ्रीका जोहानिसबर्ग में हार गई थी। रोहित शर्मा की सेना इस बार उस हार का बदला लेने उतरेगी। भारत ने मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में बुधवार (15 नवंबर) को टूर्नामेंट के पहले सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड को 70 रन से हराया था। वह 12 साल बाद फाइनल में पहुंची है। पिछली बार 2011 में महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी में टीम इंडिया चैंपियन बनी थी। वहीं, ऑस्ट्रेलिया ने गुरुवार (16 नवंबर) को कोलकाता के ईडन गार्डन्स में खेले गए दूसरे सेमीफाइनल में दक्षिण अफ्रीका को तीन विकेट से हरा दिया।