भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच टी20 सीरीज का आखिरी मुकाबला बंगलूरू के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में है। पांच मैच की सीरीज में भारतीय टीम पहले ही 3-1 की अजेय बढ़त ले चुकी है, लेकिन अब भारत की कोशिश जीत के साथ सीरीज का अंत करने की होगी। वहीं, ऑस्ट्रेलिया के युवा खिलाड़ी इस मुकाबले में अपना दमखम दिखाने के लिए बेताब होंगे।
भारत और ऑस्ट्रेलिया पांच मैचों की टी20 सीरीज का पांचवां मैच रविवार, तीन दिसंबर को बंगलूरू के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला जाएगा। मैच शाम 7:00 बजे शुरू होगा। इस मैदान पर ऑस्ट्रेलियाई टीम अब तक कोई टी20 मैच नहीं हारी है। सूर्यकुमार यादव की टीम इस मुकाबले में इतिहास बदलना चाहेगी।
एम चिन्नास्वामी स्टेडियम का टी20 रिकॉर्ड
जीत/हार का रिकॉर्ड
भारत ने एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में छह मैच खेले हैं। उन्होंने दो मैच जीते हैं और तीन हारे हैं, जबकि एक मुकाबला बिना किसी नतीजे के समाप्त हुआ। इसके विपरीत, ऑस्ट्रेलिया ने स्टेडियम में दो मैच खेले हैं और दोनों में जीत हासिल की है।
औसत स्कोर
एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में टी20 में भारत का औसत 138 रन है। वहीं, ऑस्ट्रेलिया का औसत स्कोर 175 रन है।
उच्चतम स्कोर
भारत का सर्वोच्च स्कोर 20 ओवर में 202/6 रहा है, जो 2017 में इंग्लैंड के खिलाफ बना था। उस मैच में भारत ने इंग्लैंड को 75 रन से हराया था। इस मैदान में ऑस्ट्रेलिया के लिए सबसे बड़ा स्कोर 2019 में भारत के खिलाफ आया था, जब उन्होंने 19.4 ओवर में 194/3 रन बनाए थे। ऑस्ट्रेलिया ने इस मुकाबले में भारत को सात विकेट से हराया था।
एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया टी20 रिकॉर्ड
भारत और ऑस्ट्रेलिया ने एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में एक-दूसरे के खिलाफ एक मैच खेला है, जिसमें ऑस्ट्रेलिया ने जीत हासिल की थी। इस स्टेडियम में भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया मैच का उच्चतम स्कोर 194/3 है जो 2019 में ऑस्ट्रेलिया ने बनाया था। हालांकि, हालिया फॉर्म को देखते हुए भारत इस मैच में पसंदीदा टीम होगी।
कैसी रहेगी पिच?
बेंगलूरू की पिच हमेशा से ही बल्लेबाजों के लिए मददगार रही है। यहां आईपीएल और अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में भी बड़े स्कोर बनते हैं। इस मुकाबले में भी 200 रन से ज्यादा स्कोर बन सकता है और विपक्षी टीम इसे हासिल भी कर सकती है। हालांकि, स्पिन गेंदबाजों के लिए पिच मददगार रहती है, लेकिन छोटी बाउंड्री होने के कारण कई बार खराब शॉट भी छह रन के लिए सीमा रेखा से बाहर चले जाते हैं। ऐसे में स्पिन गेंदबाजों को पिच का फायदा उठाते हुए एलबीडब्ल्यू और बोल्ड के जरिए विकेट लेने की कोशिश करनी होगी।
कैसा रहेगा मौसम?
मौसम की वेबसाइट एक्यूवेदर के अनुसार, तीन दिसंबर को मैच के दिन बंगलूरू में हल्की बारिश होने की संभावना है। बारिश के आसार 55 प्रतिशत हैं, हवा में 75 प्रतिशत आर्द्रता होगी और हवा की गति 23 किमी/घंटा होगी। अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है और न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा।