भारतीय टीम अगले महीने ऑस्ट्रेलिया के दौरे पर जाएगी। इस दौरान दोनों के बीच पांच मैचों की टेस्ट सीरीज का आयोजन होगा। विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल के लिहाज से यह सीरीज भारत के लिए अहम होगी। इससे पहले मेजबानों को कैमरन ग्रीन के रूप में तगड़ा झटका लगा है। वह चोट के कारण इस सीरीज का हिस्सा नहीं होंगे। अब तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क ने माना है कि आगामी सीरीज में ऑस्ट्रेलिया को भारत की कमी खलेगी।
पीठ की समस्या से जूझ रहे ग्रीन
स्टार गेंदबाज मिचेल स्टार्क का मानना है कि ऑलराउंडर कैमरन ग्रीन की अनुपस्थिति से भारत के खिलाफ होने वाले पांच टेस्ट मैचों की बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के लिए ऑस्ट्रेलिया की गेंदबाजी के समीकरण बदल जाएंगे और इससे स्पिनर नाथन लियोन का कार्यभार बढ़ सकता है। ग्रीन अपनी पीठ संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए सर्जरी कराएंगे जिसके कारण वह कम से कम छह महीने तक खेल से दूर रहेंगे।
ऑस्ट्रेलिया को खलेगी कमी
ऑस्ट्रेलिया के पास मिचेल मार्श के रूप में एक और ऑलराउंडर है लेकिन स्टार्क का मानना है कि ग्रीन की अनुपस्थिति से ऑस्ट्रेलिया का संयोजन प्रभावित होगा। इस दौरान उन्होंने इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स का उदाहरण दिया। स्टार्क ने कहा- जब आपको कैमरन ग्रीन जैसे अदद ऑलराउंडर की सेवाएं नहीं मिलती हैं या जब बेन स्टोक्स इंग्लैंड की टीम में नहीं होते हैं तो इससे समीकरण बदल जाते हैं।
स्मिथ नहीं करेंगे ओपनिंग
दिग्गज बल्लेबाज स्टीव स्मिथ ने क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया को यह जानकारी दी है कि वह भारत के खिलाफ आगामी सीरीज में ओपनिंग करने के इच्छुक नहीं हैं। ऑस्ट्रेलिया के मुख्य चयनकर्ता जॉर्ज बेली ने इसकी पुष्टि कर दी है कि स्मिथ भारत के खिलाफ पांच मैचों की टेस्ट सीरीज में ओपनिंग नहीं करेंगे। बेली ने बताया कि ग्रीन बैक स्ट्रेस फ्रैक्चर को लेकर हो रही सर्जरी की वजह से छह महीने क्रिकेट से दूर रहेंगे। ऐसे में अब ग्रीन के आईपीएल 2025 में खेलने पर भी संशय है।
बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी का कार्यक्रम
22-26 नवंबर: पहला टेस्ट, पर्थ
6-10 दिसंबर: दूसरा टेस्ट, एडिलेड
14-18 दिसंबर: तीसरा टेस्ट, ब्रिस्बेन
26-30 दिसंबर: चौथा टेस्ट, मेलबर्न
03-07 जनवरी: पांचवा टेस्ट, सिडनी