भारतीय टीम के नाम रिकॉर्ड
भारतीय टीम रिकॉर्ड आठवीं बार फाइनल में पहुंची थी। अंडर-19 में कोई भी टीम इतनी बार विश्व कप के फाइनल में नहीं पहुंच पाई। वहीं, यह टीम इंडिया का रिकॉर्ड लगातार चौथा फाइनल मैच भी था। भारतीय टीम के नाम सबसे ज्यादा पांच विश्व कप जीतने का रिकॉर्ड भी है। उसके बाद ऑस्ट्रेलिया ने तीन बार यह खिताब जीता है। भारतीय टीम इस साल विश्व कप में शानदार फॉर्म में थी। टीम ने टूर्नामेंट में ग्रुप स्टेज से लेकर अब तक अपने सभी मैच जीते।
खास क्लब में शामिल हुए यश धुल
यश धुल भी भारत को अंडर-19 विश्व कप दिलाने वाले कप्तानों की खास लिस्ट में शामिल हो गए। उनसे पहले मोहम्मद कैफ (2000), विराट कोहली (2008), उन्मुक्त चंद (2012) और पृथ्वी शॉ (2018) की कप्तानी में भारत ने विश्व कप जीता था। इसके अलावा रविकांत शुक्ला (2006), ईशान किशन (2016) और प्रियम गर्ग (2020) की कप्तानी में भारतीय टीम फाइनल में हार गई थी।
भारतीय टीम का शानदार प्रदर्शन
ग्रुप स्टेज में टीम इंडिया ने दक्षिण अफ्रीका को 45 रन, आयरलैंड को 174 रन और युगांडा को 326 रन से हराया था। वहीं, क्वार्टर फाइनल में पिछली बार (2020) की चैंपियन बांग्लादेश (5 विकेट से) टीम को शिकस्त दी। इसके बाद सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 96 रन से भारत ने एकतरफा जीत हासिल की। फिर फाइनल में 1998 की चैंपियन इंग्लैंड को चार विकेट से हराया।
भारतीय खिलाड़ी ने कोरोना को भी मात दी
मैदान पर तो भारतीय टीम का शानदार प्रदर्शन देखने को मिला ही, लेकिन मैदान से बाहर भारतीय खिलाड़ियों ने कोरोना को भी मात दी। कोरोना संक्रमण से जूझने के बावजूद भारतीय टीम को चैंपियन बनने मे दिक्कत नहीं आई, जो खिलाड़ियों की प्रतिभा और टीम की गहराई की बानगी पेश करती है। कप्तान यश धुल, उपकप्तान शेख रशीद और स्टैंड इन कैप्टन निशांत सिंधू संक्रमण के कारण कुछ मैच नहीं खेल सके थे। इसके बाद भी भारत के मजबूत इरादों को कोई डगमगा नहीं सका।
शून्य पर भारत को लगा पहला झटका
190 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम को शून्य पर ही पहला झटका लगा। जोशुआ बॉयडेन ने पहले ओवर की दूसरी गेंद पर अंगकृष रघुवंशी को शून्य पर एलेक्स होर्टन के हाथों कैच कराया। इसके बाद उपकप्तान शेख रशीद ने हरनूर सिंह के साथ दूसरे विकेट के लिए 49 रन की साझेदारी निभाई। हरनूर 21 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद टीम इंडिया को अपने कप्तान यश धुल और उपकप्तान शेख रशीद से उम्मीदें थीं। दोनों ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ शानदार पारी खेली थी।
रशीद ने लगातार दूसरा अर्धशतक लगाया
इसी बीच रशीद ने टूर्नामेंट में लगातार दूसरा अर्धशतक लगाया। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सेमीफाइनल में उन्होंने 94 रन की पारी खेली थी। रशीद की यह फिफ्टी 83 गेंदों पर आई। हालांकि, अर्धशतक लगाने के बाद अगली ही गेंद पर रशीद पवेलियन लौट गए। उन्होंने 84 गेंदों की अपनी पारी में छह चौके लगाए। रशीद ने कप्तान धुल के साथ 57 गेंदों पर 46 रन की साझेदारी की। रशीद के आउट होते ही कप्तान धुल भी आउट हो गए। वह 32 गेंदों पर 17 रन बना सके। कप्तान और उपकप्तान दोनों को जेम्स सेल्स ने पवेलियन भेजा।

राज बावा और निशांत सिंधू