क्रिकेट वर्ल्ड कप में अबतक 16 मुकाबले खेले जा चुके हैं, जिसमें न्यूजीलैंड और भारत दो ऐसी टीमें हैं, जो अबतक एक भी मुकाबला नहीं हारी है। इस टूर्नामेंट में सभी टीमों द्वारा तीन-तीन मुकाबले खेलने के बाद आईसीसी ने अच्छी फील्डिंग करने वाले खिलाड़ियों की सूची जारी की है। इस सूची में पहला नाम भारतीय खिलाड़ी का ही है। हालांकि, अच्छी फील्डिंग की बात की जाए तो उसमें सबसे पहला नाम रवींद्र जडेजा का ही आता है, लेकिन आईसीसी ने अच्छी फील्डिंग करने वाले खिलाड़िय़ों की लिस्ट में विराट कोहली को नंबर-1 स्थान दिया है।
आईसीसी ने जारी की अच्छी फील्डिंग करने वाले खिलाड़ियों की सूची
आईसीसी ने क्रिकेट वर्ल्ड कप में अच्छी फील्डिंग करने वाले खिलाड़ियों की सूची जारी की है। इस सूची में सबसे पहला नाम टीम इंडिया के चेज मास्टर विराट कोहली का है। विराट इस लिस्ट में 22.30 रेटिंग प्वाइंट के साथ पहले स्थान पर हैं। वहीं अच्छी फील्डिंग करने वाले खिलाड़ियों में इंग्लैंड के जो रूट 21.73 रेटिंग प्वाइंट के साथ दूसरे और ऑस्ट्रेलिया के सलामी बल्लेबाज डेविड वॉर्नर 21.32 रेटिंग प्वाइंट के साथ तीसरे स्थान पर हैं।
इस लिस्ट में 15.54 रेटिंग के साथ न्यूजीलैंड के डेवॉन कॉन्वे चौथे और पाकिस्तान के शादाब खान 15.13 रेटिंग के साथ पांचवें स्थान पर मौजूद हैं। छठे स्थान पर 15 रेटिंग प्वाइंट्स के साथ ऑस्ट्रेलिया के ग्लेन मैक्सवेल और अफगानिस्तान के रहमत शाह 13.77 रेटिंग के साथ सातवें स्थान पर हैं। न्यूजीलैंड के मिशेल सैंटनर 13.28 रेटिंग के साथ आठवें पर और पाकिस्तान के फखर जमान 13.01 रेटिंग के सथ नौवें स्थान पर हैं। दसवें स्थान पर 13 की रेटिंग प्वाइ्ट के साथ भारत के ईशान किशन मौजूद हैं।
किस आधार पर जारी की जाती है सूची
आईसीसी खिलाड़ियों के कई फैक्टर्स पर नजर रखती है। कैच पकडने से लेकर रनों का बचाव और मैदान पर खिलाड़ियों की फुर्ती के हिसाब से आईसीसी खिलाड़ियों की रेटिंग करता है। विराट कोहली ने इस टूर्नामेंट में अबतक सबसे अच्छी फील्डिंग कर रहे हैं। वहीं जो रूट ने अबतक इस टूर्नामेंट में चार और डेविड वॉर्नर ने पांच कैच ले चुके हैं।