अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट काउंसिल (आईसीसी) ने इंग्लैंड के जोस बटलर, पाकिस्तान के मोहम्मद रिजवान, श्रीलंका के वानिंदु हसरंगा और ऑस्ट्रेलिया के मिचेल मार्श को साल 2021 के सर्वश्रेष्ठ पुरुष टी-20 क्रिकेटर के लिए नामित किया है। रिजवान इस साल शानदार फॉर्म में रहे हैं। उन्होंने टी-20 में इस साल सबसे ज्यादा रन बनाए हैं।
रिजवान शानदार फॉर्म में चल रहे
विकेटकीपर बल्लेबाज रिजवान ने साल 2021 में 29 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 73.66 की औसत और 134.89 के स्ट्राइक रेट से 1326 रन बनाए हैं। उनका उच्चतम व्यक्तिगत स्कोर 104 नाबाद रनों का रहा है। इस दौरान उन्होंने एक शतक और 12 अर्धशतक जड़े हैं। साथ ही 119 चौके और 42 छक्के लगाए हैं। रिजवान की शानदार पारियों की बदौलत ही पाकिस्तान ने विश्व कप में पहली बार भारत को शिकस्त दी। इसके अलावा टीम सेमीफाइनल में पहुंची। वहीं, विकेट के पीछे भी उन्होंने शानदार भूमिका निभाई है।
हसरंगा मिस्ट्री स्पिनर बनकर उभरे
यह साल श्रीलंकाई स्पिनर वानिंदु हसरंगा के लिए शानदार रहा है। उन्होंने खुद को छोटे फॉर्मेट के स्पेशलिस्ट स्पिनर के तौर स्थापित किया है। इसके अलावा लोअर ऑर्डर में वह एक आक्रामक बल्लेबाज भी हैं। हसरंगा ने टी-20 विश्व कप में शानदार प्रदर्शन कियया था और 16 विकेट के साथ टूर्नामेंट के सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज थे। इसके अलावा उन्होंने टी-20 विश्व कप में ही आयरलैंड के खिलाफ 71 रन की बेहतरीन पारी भी खेली थी।
मार्श की वजह से विश्व कप जीती ऑस्ट्रेलियाई टीम
ऑस्ट्रेलिया ने इस साल टी-20 विश्व कप जीता, इसका श्रेय डेविड वार्नर के साथ-साथ ऑलराउंडर मिचेल मार्श को जाता है। मार्श ने न सिर्फ गेंदबाजी में शानदार प्रदर्शन किया, बल्कि तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए खूब रन भी बटोरे। ऑस्ट्रेलिया ने टी-20 विश्व कप में उनके टैलेंट का भरपूर इस्तेमाल किया और नंबर-3 पर बल्लेबाजी कराई।
वेस्टइंडीज और बांग्लादेश के खिलाफ बाकी खिलाड़ियों के फेल होने पर उन्होंने शानदार बल्लेबाजी की थी। टी-20 विश्व कप में मार्श ने छह मैचों में 61.66 की औसत से 185 रन बनाए थे। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 146.82 का रहा। इसके अलावा फाइनल में न्यूजीलैंड के खिलाफ मैच विनिंग पारी भी खेली थी।
बटलर ने टीम को सेमीफाइनल में पहुंचाया
इंग्लैंड के विकेटकीपर बल्लेबाज जोस बटलर का भी साल 2021 में प्रदर्शन शानदार रहा है। साल की शुरुआत में ही उन्होंने भारत के खिलाफ भारतीय जमीन पर दो शानदार पारियां खेली थीं। इसके बाद उन्होंने अपने फॉर्म को पाकिस्तान और श्रीलंका के खिलाफ भी जारी रखा था। वह लगातार घरेलू क्रिकेट लीग और अंतरराष्ट्रीय लीग खेलते रहे। टी-20 विश्व कप में भी उनका बेहतरीन फॉर्म देखने को मिला।
ऑस्ट्रेलिया और श्रीलंका के खिलाफ मुश्किल मैचों में बटलर ने दो महत्वपूर्ण पारियां खेली थीं। वह 269 रनों के साथ टूर्नामेंट में इंग्लैंड के सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे। सेमीफाइनल में इंग्लैंड को न्यूजीलैंड के खिलाफ हार मिली थी।