फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

IND vs SA Day 4 Highlights: सेंचुरियन टेस्ट में जीत से छह विकेट दूर भारत, बुमराह विदेशी जमीन पर सबसे तेज 100 विकेट पूरे किए

Wed, 29 Dec 2021 10:20 PM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, सेंचुरियन

सार

चौथे दिन के आखिरी ओवर की पांचवीं गेंद पर जसप्रीत बुमराह ने केशव महाराज को शानदार यॉर्कर पर क्लीन बोल्ड किया। इसके साथ ही अंपायर ने स्टंप्स की घोषणा कर दी।
विज्ञापन
भारत बनाम दक्षिण अफ्रीका: विकेट लेने के जश्न मनाती भारतीय टीम - फोटो : सोशल मीडिया
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच सेंचुरियन टेस्ट के चौथे दिन का खेल खत्म हो चुका है। अपनी दूसरी पारी में दक्षिण अफ्रीका ने चार विकेट गंवाकर 94 रन बना लिए हैं। फिलहाल कप्तान डीन एल्गर 122 गेंदों पर 52 रन बनाकर नाबाद हैं। अफ्रीकी टीम को जीत के लिए अब भी 211 रन की जरूरत है। वहीं, भारत जीत से बस छह विकेट दूर है। गुरुवार को टेस्ट के पांचवें और आखिरी दिन कम से कम 90 ओवर का खेल होगा। हालांकि, पांचवें दिन बारिश की संभावना भी जताई जा रही है।
विज्ञापन


चौथे दिन के आखिरी ओवर की पांचवीं गेंद पर जसप्रीत बुमराह ने केशव महाराज को शानदार यॉर्कर पर क्लीन बोल्ड किया। इसके साथ ही अंपायर ने स्टंप्स की घोषणा कर दी। भारत की ओर से बुमराह ने दो विकेट लिए हैं। इसके अलावा मोहम्मद शमी और मोहम्मद सिराज को एक-एक विकेट मिला। दक्षिण अफ्रीका की ओर से दूसरी पारी में एडेन मार्करम ने एक रन, कीगन पीटरसन ने 17 रन, रसी वैन डर डुसेन ने 11 रन और केशव महाराज ने 8 रन बनाए। 

एल्गर ने टेस्ट करियर का 18वां अर्धशतक लगाया
एल्गर ने कप्तानी पारी खेलते हुए टेस्ट करियर का 18वां अर्धशतक लगाया और एक छोर पर जमे हुए हैं। भारतीय टीम ने पहली पारी में 327 रन बनाए थे। वहीं, दक्षिण अफ्रीका की टीम पहली पारी में 197 रन बना सकी। इस तरह भारत को दूसरी पारी में 130 रनों की बढ़त मिली। दूसरी पारी में भारत ने 174 रन बनाए। इस लिहाज से टीम इंडिया की कुल बढ़त 304 रन की हुई और दक्षिण अफ्रीका के सामने 305 रनों का लक्ष्य रखा।
विज्ञापन


चौथे दिन भारत ने 16 रन से आगे खेलना शुरू किया
चौथे दिन भारत ने अपनी दूसरी पारी में एक विकेट पर 16 रन से आगे खेलना शुरू किया। मयंक अग्रवाल मंगलवार को ही चार बनाकर अपना विकेट गंवा बैठे थे। इसके बाद आज यानी बुधवार सुबह शार्दुल ठाकुर (10) के रूप में भारत को पहला झटका लगा। उन्हें कगिसो रबाडा ने आउट किया। इसके बाद विकेट की झड़ी लग गई। पिछली पारी के शतकवीर केएल राहुल 23 रन बनाकर लुंगी एनगिडी की गेंद पर एल्गर को कैच थमा बैठे।

विराट कोहली दूसरी पारी में भी फेल हुए
विराट कोहली एक बार फिर फेल रहे। पहली पारी में 35 रन बनाने वाले विराट ने दूसरी पारी में भी निराश किया। वे 32 गेंदों पर 18 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें मार्को जेन्सन ने विकेटकीपर क्विंटन डिकॉक के हाथों कैच कराया। कोहली ने पिछली 60 पारियों और 767 दिनों से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में शतक नहीं लगाया है। 2021 में विराट ने 11 टेस्ट मैचों में 28.21 की औसत से कुल 536 रन बनाए।

चेतेश्वर पुजारा 16 रन बनाक आउट हुए
इसके बाद चेतेश्वर पुजारा भी लगातार दूसरी पारी में फेल रहे। वे 64 गेंदों पर 16 रन बना सके। उन्हें लुंगी एनगिडी ने डिकॉक के हाथों कैच कराया। पुजारा ने पिछली 43 पारियों से शतक नहीं लगाया है। पिछली पारी में 48 रन बनाने वाले अजिंक्य रहाणे दूसरी पारी में 20 रन बनाकर आउट हुए। मैदान पर आते ही रहाणे ने तीन चौके और एक छक्का लगाया। हालांकि, जेन्सन ने कैच आउट कराया। इसके बाद ऋषभ पंत ने रविचंद्रन अश्विन के साथ मिलकर पारी संभालने की कोशिश की, लेकिन अश्विन 14 रन बनाकर चलते बने। 

भारत की दूसरी पारी 174 रनों पर सिमटी
पंत भी 34 रन बनाकर रबाडा की गेंद पर आउट हुए। अपनी पारी में उन्होंने छह चौके लगाए। इसके बाद रबाडा ने शमी और जेन्सन ने सिराज को आउट कर भारत की पारी को 174 रन पर समेट दिया। पहली पारी में मिली 130 रनों की बढ़त बदौलत भारत ने 305 रन का लक्ष्य दिया। दक्षिण अफ्रीका की ओर से कगिसो रबाडा और मार्को जेन्सन ने चार-चार विकेट लिए। वहीं, लुंगी एनगिडी को दो विकेट मिले। 

दक्षिण अफ्रीका टीम को खराब शुरुआत मिली
दूसरी पारी में दक्षिण अफ्रीका की शुरुआत खराब रही। पारी के दूसरे ही ओवर में शमी ने एडेन मार्कराम को बोल्ड किया। मार्करम 1 रन बना सके। इसके बाद 34 रन के कुल स्कोर पर दक्षिण अफ्रीकी टीम को दूसरा झटका लगा। मोहम्मद सिराज ने कीगन पीटरसन को विकेटकीपर ऋषभ पंत के हाथों कैच कराया। पंत ने भी विकेट के पीछे डाइव लगाकर बेहतरीन कैच पकड़ा। पीटरसन 36 गेंदों पर 17 रन बना सके। उन्होंने कप्तान डीन एल्गर के साथ मिलकर दूसरे विकेट के लिए 76 गेंदों पर 33 रन की साझेदारी की। 

डुसेन और एल्गर के बीच 40 रन की साझेदारी
इसके बाद कप्तान डीन एल्गर और रसी वैन डर डुसेन ने दक्षिण अफ्रीका की पारी संभाली। दोनों के बीच तीसरे विकेट के लिए 40 रन की साझेदारी हुई। 74 पर टीम को तीसरा झटका लगा। तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने रसी वैन डर डुसेन को क्लीन बोल्ड किया। डुसेन 65 गेंदों पर 11 रन बना सके। इसके बाद डीन एल्गर ने कप्तानी पारी खेलते हुए टेस्ट करियर का 18वां अर्धशतक लगाया।

विदेशी जमीन पर बुमराह के 100 विकेट पूरे
चौथे दिन के आखिरी ओवर की पांचवीं गेंद पर जसप्रीत बुमराह ने केशव महाराज को शानदार यॉर्कर पर क्लीन बोल्ड किया। इसके साथ ही अंपायर ने स्टंप्स की घोषणा कर दी। डुसेन का विकेट बुमराह का विदेशी सरजमीं पर 100वां टेस्ट विकेट रहा। बुमराह ने भारत में अब तक सिर्फ दो टेस्ट खेले हैं और इसमें चार विकेट चटकाए हैं। वहीं, विदेशी जमीन पर बुमराह ने 22 टेस्ट मैच खेले हैं और 101 विकेट चटकाए हैं।

बुमराह विदेशी जमीन पर सबसे तेज 100 विकेट लेने वाले भारतीय गेंदबाज बन गए हैं। दूसरे नंबर पर बी चंद्रशेखर हैं। उन्होंने विदेशी जमीन पर खेले गए 25 टेस्ट में यह मुकाम हासिल किया था। वहीं, रविचंद्रन अश्विन ने 26 टेस्ट में यह मुकाम हासिल किया था।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें