भारतीय टीम भले ही फिलहाल बांग्लादेश के खिलाफ टेस्ट सीरीज में व्यस्त है, लेकिन साल के अंत में उसे ऑस्ट्रेलिया का सामना करना है। भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच 22 नवंबर से पांच मैचों की टेस्ट सीरीज होनी है। भारतीय टीम ने लगातार दो बार ऑस्ट्रेलिया से बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी जीती है और अब उसकी नजरें हैट्रिक लगाने पर होंगी। इस बीच, ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान इयान चैपल ने कहा कि अगर भारत को ऐतिहासिक हैट्रिक हासिल करनी है तो तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह और विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत को चोटों से मुक्त और शीर्ष फॉर्म में रहना होगा।
चैपल ने एक कॉलम में लिखा, भारत की प्राथमिकता यही होगी कि उसके ज्यादातर खिलाड़ी फॉर्म में रहें और उन्हें कोई बड़ी चोट नहीं लगे। हालांकि सबसे ज्यादा जरूरी बात जसप्रीत बुमराह और ऋषभ पंत का फॉर्म में रहना और चोटों से मुक्त रहना होगा। पंत ने भयानक कार दुर्घटना के बाद जिस तरह से टेस्ट में वापसी की है, वह शानदार है। वह भारतीय बल्लेबाजी क्रम में अहम विकेटकीपर बल्लेबाज हैं और अगर वह ऑस्ट्रेलियाई दौरे के लिए फॉर्म में रहते हैं तो टीम का मनोबल बढ़ा रहेगा।
पंत 2020-21 में भारत को ऑस्ट्रेलिया में पिछली सीरीज में मिली जीत के नायक रहे थे। चैपल ने कहा, अगर पंत अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर सकते हैं तो यह भारत के लिए अच्छा होगा क्योंकि वह ऑस्ट्रेलियाई परिस्थितियों के लिए आदर्श विकेटकीपर हैं। पिछले ऑस्ट्रेलियाई दौरे पर दो सबसे सफल तेज गेंदबाज बुमराह और मोहम्मद सिराज दोनों की अच्छी फॉर्म और फिटनेस जरूरी है। बुमराह तेज गेंदबाजी आक्रमण की अगुआई करते हैं।
चैपल को शमी को फिट होने की उम्मीद
चैपल मोहम्मद शमी के भी सीरीज शुरू होने से पहले फिट होने की उम्मीद कर रहे हैं। उन्होंने कहा, अगर मोहम्मद शमी ऑस्ट्रेलिया दौरे के लिए फिट हो जाते हैं तो यह आदर्श होगा और उनकी मौजूदगी से भारत के गेंदबाजी आक्रमण में विविधता भी बढ़ेगी। रवींद्र जडेजा और रविचंद्रन अश्विन के साथ स्पिन गेंदबाजी भी अच्छी है, लेकिन मैं ऑस्ट्रेलियाई पिचों पर कुलदीप यादव की अहमियत को कम नहीं समझ सकता।