क्रिकेट वर्ल्ड में इस समय सिर्फ और सिर्फ विराट कोहली की बात हो रही है। उन्होंने शानदार चल रहे अपने करियर को लेकर राज खोला कि किससे मिलती है उनको प्रेरणा।
गजब के फॉर्म में चल रहे भारतीय क्रिकेट के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली ने कहा कि हर मैच में अच्छा प्रदर्शन करने की भूख ही उनकी प्रेरणा है। उन्होंने कहा, "हर दिन नया होता है, मैं हमेशा से यह मानता आया हूं कि हर मैच में प्रदर्शन में सुधार की गुंजाइश है। कड़ी मेहनत और अनुशासन का कोई विकल्प नहीं है।"
कोहली टी-20 विश्व कप से ही शानदार फॉर्म में चल रहे हैं और आईपीएल में उनके प्रदर्शन में और भी निखार आ गया है। आईपीएल-9 में वह अब तक चार शतक सहित 900 से ऊपर रन बनाकर सबसे आगे चल रहे हैं। वह इस सत्र में एक हजार रन बनाने के रिकॉर्ड से महज 81 रन दूर हैं और अब उनके पास इस मुकाम को हासिल करने के लिए एक मैच (फाइनल) ही बचा है।
लगातार अच्छे प्रदर्शन के बारे में पूछने पर नई 'रन मशीन' कोहली ने कहा, "मैं भी उसी दौर से गुजरा हूं जिससे हर नया क्रिकेटर गुजरता है। आप टीम में अपनी जगह को लेकर असुरक्षित महसूस करते हैं और गलतियां करते हैं। आप अच्छा प्रदर्शन करना चाहते हैं लेकिन मैदान के भीतर और बाहर नियंत्रण नहीं रख पाते।" उन्होंने कहा, "समय के साथ आप सुधार करते हैं और फिर लय हासिल कर लेते हैं।"