टीम डायरेक्टर के रूप में 18 महीने तक टीम इंडिया के साथ रहने वाले रवि शास्त्री ने विराट कोहली के बारे में कहा है कि ये उनका बेस्ट नहीं है, अभी उनका बेस्ट आना बाकी है।
रवि शास्त्री के टीम डायरेक्टर के कार्यकाल के दौरान कोहली भारत के प्रीमियर बल्लेबाज बनकर उभरे और ऑस्ट्रेलिया में उनकी चार शतकीय पारियां तो बेमिसाल रहीं। बकौल शास्त्री विराट आईपीएल में चार शतक लगा चुके हैं, उनके लगभग हजार रन हो गए है लेकिन ऑस्ट्रेलिया में चार शतकीय पारियां सबसे ऊपर हैं। इस दौरान वह टीम की नई रन मशीन बनकर उभरे।
उन्होंने कहा कि विराट कोहली तो अभी और ऊंचाइयां हासिल करेंगे क्योंकि एक अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी का सर्वश्रेष्ठ दौर 28 से 32 साल के बीच होता है और उनका सर्वश्रेष्ठ दौर तो अभी आना बाकी है। वह अभी 27 साल के हैं और उनके पास पर्याप्त समय है। वह तीनों फॉरमेटों में टीम की कप्तानी भी करेंगे।
शास्त्री की नजर में सभी खिलाड़ियों ने प्रगति की लेकिन इनमें अजिंक्य रहाणे, शिखर धवन और रविचंद्रन अश्विन ने एक खिलाड़ी के तौर पर काफी कुछ सुधार किया है।